बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर और साउथ स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन जल्द ही पर्दे पर एक बेहद गंभीर और पेचीदा केस सुलझाते नजर आएंगे. दोनों कलाकार मेघना गुलजार की अपकमिंग क्राइम थ्रिलर फिल्म 'दायरा' में पुलिस अफसर के किरदार में नजर आने वाले हैं. फिल्म का ट्रेलर सोमवार, 31 अगस्त को रिलीज कर दिया गया है, जिसमें करीना और पृथ्वीराज के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है.
खाकी वर्दी में नजर आए करीना और पृथ्वीराज
'दायरा' के ट्रेलर में करीना कपूर डीसीपी अजूनी कोहली और पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी रमन कुमार की भूमिका में नजर आ रहे हैं. दोनों एक ही मामले की जांच कर रहे हैं, लेकिन केस को देखने और सुलझाने का उनका तरीका बिल्कुल अलग है. यही अंतर आगे चलकर दोनों को एक-दूसरे के आमने-सामने ला देता है.
कैसे होती है ट्रेलर की शुरुआत?
ट्रेलर की शुरुआत एक अपराधी को पुलिस वैन में सुनसान इलाके में ले जाने से होती है. वह सवाल करता है कि उसे यहां क्यों लाया गया है. तभी पृथ्वीराज की आवाज सुनाई देती है. 'बताता हूं.' इसके बाद पुलिस एनकाउंटर का मामला सामने आता है.
क्या फर्जी था पुलिस एनकाउंटर?
पृथ्वीराज ट्रेलर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताते हैं कि आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला किया और भागने की कोशिश की. ऐसे में पुलिस ने सेल्फ-डिफेंस में उसे मार गिराया, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती. करीना कपूर का किरदार इस एनकाउंटर पर सवाल उठाता है. उन्हें शक है कि कहीं यह पूरी कार्रवाई पहले से प्लान तो नहीं की गई थी. इसके बाद वह मामले की तह तक पहुंचने के लिए पीड़ित परिवार से मिलती हैं और 7 अक्टूबर को हुई घटना के बारे में जानकारी जुटाती हैं.
गुमशुदा बच्ची से जुड़ा है पूरा मामला
जांच के दौरान पता चलता है कि एक मां अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची थी. एफआईआर दर्ज होने के बाद जांच आगे बढ़ती है और सामने आता है कि बच्ची के साथ यौन शोषण हुआ था. मामले में आरोपी नाबालिग बताया जाता है.
पुलिस एनकाउंटर पर उठे सवाल
अब सवाल यह है कि इस केस में असली सच क्या है. क्या पुलिस एनकाउंटर सही था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है. करीना और पृथ्वीराज की जांच किस नतीजे तक पहुंचेगी, यही फिल्म की सबसे बड़ी गुत्थी है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
बहरहाल, 2024 में आई 'सिंघम अगेन' के बाद पूरे 2 साल बाद करीना कपूर 'दायरा' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं, जिसको लेकर फैंस की एक्टसाइठमेंट काफी हाई है. बता दें, फिल्म का डायरेक्शन मेघना गुलजार ने किया है. फिल्म को पेन स्टूडियोज और जंगली पिक्चर्स के बैनर तले तैयार किया गया है. जो 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.