Chandrachur Singh 156 Year Old Mansion Dispute: बॉलीवुड एक्टर चंद्रचूड़ सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार एक्टर अपनी किसी फिल्म या कमबैक प्रोजेक्ट को लेकर नहीं, बल्कि पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं. दरअसल, चंद्रचूड़ सिंह और उनके चाचा-चाची के बीच 156 साल पुरानी एक हवेली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि उनके चाचा-चाची ने इस हवेली पर कब्जा कर लिया है. अब इस मामले को लेकर एक्टर के चाचा-चाची समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है. चलिए, आपको पूरा मामला विस्तार से बताते हैं.
7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
एक्टर चंद्रचूड़ सिंह की 156 साल पुरानी यह हवेली अलीगढ़ में है. आरोप है कि एक्टर के चाचा-चाची ने इस पुश्तैनी हवेली पर धोखे से कब्जा कर लिया है. इसी मामले को लेकर एक्टर के भाई अभिमन्यु सिंह ने रोरावर थाने में चाचा-चाची समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है. अभिमन्यु सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके चाचा-चाची ने फर्जी वसीयत का इस्तेमाल करके खानदान की सारी जमीनें बेच दीं और अब हवेली पर कब्जा कर लिया है.
क्या बोले चंद्रचूड़ सिंह?
'भारत समाचार' को दिए एक इंटरव्यू में चंद्रचूड़ सिंह ने इस मामले को लेकर खुलकर बात की है. चंद्रचूड़ ने कहा, 'ये बेसिकली फ्रॉड और फॉर्जरी का केस है, जिसमें अभी 7 लोगों के नाम सामने आए हैं. जब मेरे दादाजी यहां बीमार थे, तब मेरी बुआजी गवाह के तौर पर साथ थीं. मेरे दादाजी वसीयत बनाने की हालत में नहीं थे. उनके निधन के बाद मेरे चाचा-चाची ने मिलकर फर्जी वसीयत बनाई और उस पर उनके फर्जी सिग्नेचर किए गए. इसके जरिए उन्होंने सारी जमीनें बेचीं, जो जमीन परिवार के सभी लोगों के बराबर हिस्से में थी. इन 7 लोगों के नाम भी इस मामले में जुड़े हैं.'
कौन थे चंद्रचूड़ सिंह के पिता
बता दें कि चंद्रचूड़ सिंह के पिता कैप्टन बलदेव सिंह अलीगढ़ के पुराने जमींदार परिवार से ताल्लुक रखते थे. कैप्टन बलदेव सिंह इंडियन आर्मी में ऑफिसर रह चुके हैं. इसके अलावा, साल 1985 में वह सदर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, जमीन को लेकर विवाद चंद्रचूड़ सिंह के चाचा के निधन के बाद शुरू हुआ.