बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलीना जेटली ने अपने दिवंगत बेटे शमशेर को उसके जन्मदिन पर याद किया है, एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो शेयर किया, जिसमें वह बेटे की कब्र के पास भावुक नजर आ रही हैं. इस वीडियो के साथ उन्होंने ऐसा इमोशनल नोट लिखा, जिसे पढ़कर फैंस भी भावुक हो गए.
सेलीना जेटली ने साल 2017 में जुड़वा बेटों को जन्म दिया था. इनमें से एक बेटा शमशेर था. जन्म के कुछ ही दिनों बाद गंभीर दिल की बीमारी के चलते शमशेर का निधन हो गया था. वह हाइपोप्लास्टिक लेफ्ट हार्ट सिंड्रोम से जूझ रहा था. बेटे को खोने का दर्द सेलीना के लिए आज भी उतना ही गहरा है.
बेटे की कब्र के पास भावुक हुईं सेलीना
शमशेर के जन्मदिन पर सेलीना ने ऑस्ट्रिया से एक पुराना वीडियो शेयर किया. वीडियो में वह अपने बेटे की कब्र के पास बैठी नजर आ रही हैं. इसके साथ उन्होंने अपनी भावनाएं शेयर करते हुए लिखा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि जब उनका जीवन खत्म हो, तो उनका अंतिम संस्कार भारत में हो और उनकी अस्थियों को ऑस्ट्रिया में उनके बेटे शमशेर के साथ समाधि दी जाए.
एक्ट्रेस ने लिखा कि एक मां की यही इच्छा होती है कि वह उस बच्चे के करीब रहे, जिसे वह लंबे समय तक अपनी गोद में नहीं रख सकी.
'मम्मी का दिल टूट गया है मेरे बेटे'
सेलीना ने अपने बेटे के लिए लिखा कि उन्होंने ऑस्ट्रिया में रहते हुए यह वीडियो इसलिए रिकॉर्ड किया था, क्योंकि उन्हें नहीं पता था कि वह शमशेर से दोबारा कब मिल पाएंगी. उन्होंने लिखा, 'मम्मी का दिल टूट गया है मेरे बेटे, लेकिन मम्मी मजबूत हैं.'
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि वह अपने बाकी बच्चों के लिए जीती रहेंगी और आगे बढ़ती रहेंगी. उन्होंने अपने चारों बच्चों को हमेशा अपने दिल में संजोकर रखने की बात कही.
भाई की आंखों में आज भी दिखती है शमशेर की कमी
सेलीना ने बताया कि शमशेर का जन्म उसके जुड़वां भाई अर्थू के साथ हुआ था. भले ही शमशेर उन्हें बहुत जल्दी छोड़कर चला गया, लेकिन वह कभी उनके दिल से दूर नहीं हुआ. एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने अर्थू की आंखों और उसकी बातों में आज भी अपने भाई के लिए तड़प महसूस की है. उन्हें भरोसा है कि शमशेर कहीं न कहीं से अपने भाई पर नजर रख रहा है.
पति से अलग होने की खबरों को लेकर भी रहीं चर्चा में
बता दें, कि सेलीना अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं. नवंबर 2025 में उनके तलाक की अर्जी दाखिल करने की खबर सामने आई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने घरेलू हिंसा और दुर्व्यवहार का हवाला दिया था. सेलीना और पीटर हाग ने साल 2010 में शादी की थी. उनके परिवार में जुड़वां बेटों के दो सेट हैं, हालांकि 2017 में जन्मे शमशेर का कुछ ही दिनों बाद निधन हो गया था. आज भी सेलीना अपने बेटे को याद कर भावुक हो जाती हैं.