फेमस प्लेबैक सिंगर जान कुमार सानू COVID-19 से संक्रमित हो गए हैं। फिलहाल उनका इलाज मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में चल रहा है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर दी। वीडियो में जान अस्पताल के कमरे में नजर आ रहे हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कैप्शन लिखा, "चीन से आया मेरा दोस्त, कोविड को सलाम करो।" वहीं वीडियो पर उन्होंने लिखा, "Fit Check – Kokilaben के कपड़े पहने हैं। भर्ती हुआ हूं वुहान से आए कोविड के लिए।" उनके इस पोस्ट के बाद फैंस और दोस्त लगातार कमेंट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। जान कुमार सानू, मशहूर गायक कुमार सानू के बेटे हैं और खुद भी प्लेबैक सिंगर हैं। वह रियलिटी शो Bigg Boss 14 में नजर आ चुके हैं, जहां उन्होंने अपने पिता के साथ रिश्तों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे। उनके आरोपों ने उस समय काफी विवाद भी खड़ा किया था। जान ऐसे समय में कोरोना संक्रमित हुए हैं जब देश के कुछ हिस्सों में COVID-19 के नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने, साफ-सफाई का ध्यान रखने, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने और लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।

---विज्ञापन---