यशराज फिल्म्स की आगामी फिल्म 'अल्फा' को लेकर हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि फिल्म के सेट पर बॉबी देओल और आलिया भट्ट के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। सोशल मीडिया पर यह अफवाह तेजी से वायरल हुई, लेकिन अब बॉबी देओल ने खुद इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है। एक इंटरव्यू में बॉबी देओल ने कहा कि जब उनके एक दोस्त ने उन्हें इस अफवाह का स्क्रीनशॉट भेजा, तो वह खुद भी हैरान रह गए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि लोग इतने फ्री हैं कि कुछ भी लिखकर खबर बना देते हैं। बॉबी ने साफ शब्दों में कहा कि उनके और आलिया भट्ट के बीच किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ है। एक्टर ने यह भी कहा कि वह हर अफवाह का जवाब देकर अपनी बात साबित नहीं कर सकते, लेकिन इस मामले में सच्चाई यही है कि खबरें पूरी तरह झूठी हैं। बॉबी के इस बयान के बाद आलिया और उनके बीच अनबन की चर्चाओं पर विराम लग गया है।