बॉलीवुड में इन दिनों सितारों को मिल रही धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब इस लिस्ट में अभिनेता आयुष्मान खुराना का नाम भी जुड़ गया है. खबर है कि एक्टर को धमकी भरा ऑडियो मैसेज भेजा गया है. हैरानी की बात ये है कि ऑडियो भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया है और करोड़ों रुपये की मांग की है. मामला सामने आने के बाद मुंबई पुलिस हरकत में आ गई है और जांच शुरू कर दी है.

आयुष्मान को भेजा धमकी भरा ऑडियो मैसेज

मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो क्लिप मिली है, जिसमें एक अनजान शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया है. इस शख्स ने अभिनेता से करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी है. धमकी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस फिलहाल ऑडियो क्लिप की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मैसेज भेजने वाला शख्स कौन है और क्या वाकई उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑडियो में बताई गई पहचान और आवाज का मिलान पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद जानकारी से किया जा रहा है. हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है.

तुषार कपूर को भी मिली थी धमकी

बाता दें, कि हाल ही में अभिनेता तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था. उस मैसेज में एक शख्स ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था. हालांकि, शुरुआती जांच में ऑडियो के फर्जी होने की आशंका जताई गई थी.

वहीं, इससे पहले टाइगर श्रॉफ जब अपनी गाड़ी से फुटबॉल मैच खेलने पहुंचे थे, तब उनकी कार पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी. हालांकि, इस हमले में अभिनेता की जान बच गई और बड़ी घटना टल गई, लेकिन इनसप पर मुंबई पुलिस ने तत्पर्ता दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ लिया जिसमें पूछताछ चल रही है.