Ayushmann Khurrana on Chhath Puja: बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना और एक्ट्रेस शरवरी की आने वाली फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' से हाल ही में छठ पूजा पर बना गाना ‘बुलाए छठी मां’ रिलीज किया गया. इस खास गाने में छठ पर्व से जुड़ी आस्था, भक्ति और परंपराओं की खूबसूरती को दिखाया गया है. इस गाने में एक्ट्रेस शरवरी के साथ आयुष्मान खुराना छठ पर्व मनाते दिख रहे हैं. हाल ही में आयुष्मान खुराना ने छठ पूजा को लेकर अपना नजरिया शेयर किया है. उन्होंने कहा कि छठ पूजा देखकर वह भावुक हो गए थे। इसके अलावा, छठ पूजा के गाने की शूटिंग के दौरान फिल्म की पूरी कास्ट की आंखों में आंसू थे.

मेरे लिए बेहद खास…

हाल ही में रिलीज हुए ‘बुलाए छठी मां’ को लेकर बात करते हुए आयुष्मान ने बताया कि इस सॉन्ग के जरिए उन्हें पहली बार छठ पूजा को करीब से जानने और उसे एक्सपीरियंस करने का मौका मिला. आयुष्मान खुराना ने कहा, 'एक पंजाबी होने के नाते मैंने इससे पहले कभी छठ पूजा नहीं मनाई थी, इसलिए पहली बार इस त्योहार का अनुभव करना मेरे लिए बेहद खास था.'

अटूट आस्था और भक्ति…

आयुष्मान खुराना ने आगे कहा, 'मुझे सबसे ज्यादा जो बात प्रभावित कर गई, वह थी छठ से जुड़ी भावनाएं और उसका महत्व, साथ ही यह त्योहार कितनी खूबसूरती से लोगों को एक साथ लाता है. हर रस्म का अपना एक खास अर्थ है और उसके पीछे अटूट आस्था और भक्ति जुड़ी हुई है. मेरे लिए यह सिर्फ एक गाने की शूटिंग से कहीं बढ़कर था; मुझे एक ऐसी खूबसूरत परंपरा का हिस्सा बनने का मौका मिला, जो मेरे लिए पूरी तरह नई थी.'

सभी की आंखों में आंसू आ गए…

आयुष्मान ने आगे कहा, 'छठ पूजा के क्लाइमैक्स सीक्वेंस की शूटिंग से पहले एक बेहद खास पल भी आया. जब डायरेक्टर सूरज जी ने पूरी कास्ट को एक साथ बुलाया और हमारे लिए छठ पूजा का गाना बजाया. वह इतना भावुक कर देने वाला पल था कि सभी की आंखों में आंसू आ गए. वह पल हम सभी के साथ रह गया. पूरी कास्ट ने सूरज जी के छठ पूजा के सीक्वेंस को पेश करने के तरीके, इसकी परंपराओं और भावनाओं को पर्दे पर उतारने के लिए साथ काम किया.'