Movie Awarapan 2 Trailer Release: साल 2007 में रिलीज हुई 'आवारापन' आज भी इमरान हाशमी की सबसे पसंदीदा फिल्मों में गिनी जाती है. फिल्म की कहानी, इमोशनल अंदाज और सुपरहिट गाने आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं. अब करीब 19 साल बाद मेकर्स इसका सीक्वल 'आवारापन 2' लेकर आ रहे हैं. फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे देखकर साफ है कि इस बार भी प्यार, दर्द और जबरदस्त एक्शन का तगड़ा कॉम्बो देखने को मिलने वाला है.
ट्रेलर ने याद दिलाई 19 साल पुरानी फिल्म
करीब डेढ़ मिनट का ट्रेलर शुरुआत से ही सस्पेंस और इमोशन से भरपूर नजर आ रहा है. इमरान हाशमी एक बार फिर ऐसे किरदार में दिख रहे हैं, जो अपने अतीत और एक अधूरे रिश्ते के बोझ के साथ जिंदगी की सबसे बड़ी लड़ाई लड़ रहा है. ट्रेलर में उनका दमदार डायलॉग, 'मौत से मेरा पुराना रिश्ता है, उसका एक कर्ज है, जो चुकाना है.' फिल्म के गंभीर और इमोशनल टोन को और मजबूत बना देता है.
धांसू स्टारकास्ट से सजी फिल्म
इस बार फिल्म में दिशा पाटनी भी अहम भूमिका निभा रही हैं. ट्रेलर में उनकी और इमरान की केमिस्ट्री दर्शको को खूब पसंद आ रही है, वहीं दोनों के बीच एक इमोशनल लव स्टोरी की झलक भी देखने को मिलती है. दूसरी ओर शबाना आजमी ने अपने निगेटिव किरदार से सबका ध्यान खींच लिया है. उनके और इमरान के बीच की दुश्मनी कहानी का सबसे बड़ा ट्विस्ट बन सकती है.
ट्रेलर में दिखी ये खासियत
ट्रेलर में एक्शन के साथ ड्रग्स रैकेट का एंगल भी दिखाई देता है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इसमें क्राइम, बदला और इमोशनल ड्रामा भी भरपूर देखने को मिलेगा. हालांकि कहानी के कई बड़े राज मेकर्स ने अभी छिपाकर रखे हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है.
सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
दिलचस्प बात यह है कि इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए ट्रेलर का कमेंट सेक्शन बंद रखा गया है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो चुकी है. पुराने 'आवारापन' के फैंस खासतौर पर इमरान हाशमी की वापसी को लेकर काफी एक्साइटमेंट नजर आ रही है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
'आवारापन 2' का डायरेक्शन नितिन कक्कड़ ने किया है. फिल्म में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह सीक्वल पहली फिल्म जैसा जादू चला पाता है या नहीं.