इमरान हाशमी के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. अभिनेता की हालिया रिलीज फिल्म 'आवारापन 2' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. फिल्म ने भारत में 81 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है, तो वहीं दुनिया पर में 110.10 करोड़ का कलेक्शन कर ये फिल्म गर्दा उड़ा रही है. अब इसके बाद उनकी अगली फिल्म 'गनमास्टर G9' को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है. इमरान हाशमी, जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना स्टारर यह एक्शन एंटरटेनर फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
कैसा होगा इमरान का किरदार?
'गनमास्टर G9' में इमरान हाशमी मुख्य टाइटैनिक किरदार ईश्वर की भूमिका निभा रहे हैं. यह एक एक्शन-ड्रामा और स्पाई थ्रिलर फिल्म है. जिसमें उनका एक सोलो एक्शन और स्टाइलिश अवतार देखने को मिलेगा. खास बात यह है कि 'गनमास्टर G9' के साथ बॉलीवुड की एक सफल तिकड़ी करीब दो दशक बाद फिर से साथ काम करने जा रही है. फिल्म में इमरान हाशमी के साथ डायरेक्टर आदित्य दत्त और म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया की जोड़ी देखने को मिलेगी. इससे पहले तीनों ने साथ में काम किया है और अब लंबे समय के बाद इनकी वापसी को लेकर फैंस के बीच भी उत्सुकता बढ़ गई है.
एक्शन के साथ म्यूजिक का भी होगा तड़का
'गनमास्टर G9' को एक्शन और एंटरटेनमेंट से भरपूर फिल्म बताया जा रहा है. फिल्म के साथ म्यूजिक का भी खास कनेक्शन देखने को मिलेगा. हिमेश रेशमिया इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं, ऐसे में फिल्म के गानों को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं.
किसके सहयोग से बन रही फिल्म?
यह फिल्म सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट और हिमेश रेशमिया के बीच एक और सहयोग है. इससे पहले दोनों की साझेदारी 'सनम तेरी कसम' और 'जीनियस' जैसी फिल्मों के साथ देखने को मिल चुकी है. इन फिल्मों के संगीत को दर्शकों ने काफी पसंद किया था.
कौन-कौन है फिल्म का हिस्सा?
'गनमास्टर G9' में इमरान हाशमी लीड रोल में नजर आएंगे. उनके साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त कर रहे हैं. फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, संगीता अहीर और हुनर मुकुट ने किया है. इसे सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड प्रस्तुत कर रहा है, जबकि यह SRE स्टूडियो LLP का प्रोडक्शन है.
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिलहाल, फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया की पुरानी सफल जोड़ी की वापसी ने 'गनमास्टर G9' को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी जरूर बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि 27 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है.