Arjun Kapoor: बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor) अपनी बहन अंशुला कपूर (Anshula Kapoor) के बेहद करीब हैं. जुलाई में अंशुला कपूर ने अपने लॉन्ग-टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर (Rohan Thakkar) के साथ शादी रचाई थी. शादी के दौरान अर्जुन कपूर काफी भावुक नजर आए थे. अब शादी के कुछ समय बाद अंशुला ने सोशल मीडिया पर एक बेहद इमोशनल वीडियो शेयर किया है, जिसमें अर्जुन अपनी स्वर्गीय मां मोना शौरी (Mona Shourie) को याद करके मंच पर फूट-फूटकर रोते दिखाई दे रहे हैं.

स्टेज पर मां को याद कर हुए भावुक

अंशुला द्वारा शेयर किए गए वीडियो में अर्जुन कपूर मेहमानों के सामने स्टेज पर अपनी स्वर्गीय मां मोना शौरी को याद करते हुए स्पीच दे रहे हैं. अर्जुन ने कहा कि अगर उनकी मां आज जिंदा होतीं, तो शादी की हर रस्म का दिल खोलकर आनंद लेतीं, मेहमानों की खातिरदारी करतीं और जमकर डांस करतीं. यह बात कहते-कहते अर्जुन का गला भर आता है और वे बेहद भावुक हो जाते हैं.

---विज्ञापन---

'बारिश मां के खुशी के आंसू हैं'

शादी के दौरान बाहर हो रही तेज बारिश का जिक्र करते हुए अर्जुन कपूर ने कहा कि यह कोई आम बारिश नहीं, बल्कि ऊपर से उनकी मां के खुशी के आंसू हैं. अर्जुन ने कहा कि उनकी मां आज भी उनके साथ हैं और यह बारिश उनका आशीर्वाद है. इतना कहते ही अर्जुन अपने आंसू रोक नहीं पाते और रोने लगते हैं, जिसके बाद अंशुला तुरंत आगे बढ़कर अपने भाई को गले लगा लेती हैं.

बहन अंशुला ने लिखा खास नोट

इस खूबसूरत और भावुक वीडियो को पोस्ट करते हुए अंशुला ने अर्जुन के लिए एक इमोशनल नोट लिखा. अंशुला ने कहा कि वे इस वीडियो को बार-बार देखती हैं और भाई के दर्द और प्यार को महसूस कर सकती हैं. अंशुला ने लिखा कि जिंदगी में चाहे कितने भी बदलाव क्यों न आ जाएं, लेकिन अर्जुन हमेशा उनके लिए एक 'घर' की तरह रहेंगे और वे हमेशा उनकी छोटी बहन रहेंगी.

---विज्ञापन---

मोना शौरी ने अकेले की थी परवरिश

आपको बता दें कि अर्जुन कपूर के पिता और फिल्म मेकर बोनी कपूर ने साल 1983 में मोना शौरी से शादी की थी. हालांकि, 1996 में बोनी कपूर ने मशहूर एक्ट्रेस श्रीदेवी से दूसरी शादी कर ली. बोनी के अलग होने के बाद मोना शौरी ने अकेले ही अपने दम पर अर्जुन और अंशुला की परवरिश की थी. साल 2012 में अर्जुन की पहली फिल्म आने से ठीक पहले मोना कपूर का निधन हो गया था.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

भाई-बहन के इस अटूट प्यार और मां के प्रति उनकी श्रद्धा वाले इस वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. फैंस और बॉलीवुड सेलिब्रिटीज लगातार इस वीडियो पर कमेंट्स करके अर्जुन और अंशुला की बॉन्डिंग की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि मां का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा.

---विज्ञापन---