AR Rahman Son Car Accident: मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर एआर रहमान के बेटे एआर अमीन को लेकर सोमवार सुबह एक चिंताजनक खबर सामने आई. एआर अमीन चेन्नई के गिंडी इलाके में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए. बताया जा रहा है कि हादसा सोमवार, 10 अगस्त की सुबह करीब 3.30 बजे हुआ. राहत की बात यह है कि हादसे में अमीन और उनके दोस्त को गंभीर चोट नहीं आई और इलाज के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
कैब से टकराई अमीन की कार
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एआर अमीन अपने एक दोस्त के साथ कार से गिंडी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास एक साइड रोड से आ रही कैब उनकी कार से टकरा गई. टक्कर काफी तेज बताई जा रही है, जिसकी वजह से दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
अमीन और उनके दोस्त को ले जाया गया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. अमीन और उनके दोस्त को तुरंत इलाज के लिए कावेरी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने दोनों का इलाज किया और मामूली चोटों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी. दोनों अब घर लौट चुके हैं.
कैब में सवार यात्री भी घायल
इस हादसे में कैब में मौजूद एक यात्री को भी चोटें आईं. घायल यात्री को कलैगनार सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें भी छुट्टी दे दी गई. फिलहाल सभी की हालत ठीक बताई जा रही है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
हादसे की जांच अब इन्वेस्टिगेशन विंग कर रही है. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है. हादसा आखिर किसकी गलती से हुआ और टक्कर की असली वजह क्या थी. इसकी जांच की जा रही है.
पिता की राह पर आगे बढ़ रहे हैं एआर अमीन
एआर अमीन अपने पिता एआर रहमान की तरह ही संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं. वह बतौर प्लेबैक सिंगर कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं. हाल ही में उन्होंने राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' के गाने 'चिकिरी चिकिरी' के तमिल वर्जन को अपनी आवाज दी है.
एआर अमीन इस प्रोजेक्ट में आए थे नजर
इसके अलावा अमीन जसलीन रॉयल, दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर के साथ इंडिपेंडेंट ट्रैक 'भीगी भीगी' में भी नजर आए थे. उनकी आवाज और म्यूजिक को लेकर फैंस के बीच भी काफी दिलचस्पी देखने को मिलती है.
वर्कफ्रंट पर एस आर रहमान
वहीं, एआर रहमान भी इस समय कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं. उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स में 'रामायण', 'बंटवारा 1947' और 'मून वॉक' जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल हैं. इसके अलावा धनुष और निर्देशक मारी सेल्वराज के साथ उनका एक अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट भी चर्चा में है.