क्रिकेटर और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के पति विराट कोहली इन दिनों एक वायरल दावे को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि विराट कोहली को वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये दिए गए थे. इस दावे ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है. हालांकि, अब विराट कोहली की टीम ने इस पूरे आरोप पर सफाई देते हुए इसे सिरे से खारिज कर दिया है.
चर्चा में विराट-प्रेमानंद महाराज की मुलाकात
दरअसल, श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा की ओर से कथित तौर पर यह दावा किया गया था कि विराट कोहली को प्रेमानंद महाराज के आश्रम लाने के लिए 5 करोड़ रुपये का इंतजाम किया गया था. सोशल मीडिया पर यह बात तेजी से फैल गई और देखते ही देखते विराट कोहली और प्रेमानंद महाराज की मुलाकात चर्चा का विषय बन गई.
विराट पर 5 करोड़ रुपये लेने का दावा
हालांकि, इस दावे के समर्थन में अब तक कोई सार्वजनिक रिकॉर्ड, भुगतान की जानकारी या ऐसा कोई दस्तावेज सामने नहीं आया है, जिससे 5 करोड़ रुपये दिए जाने की पुष्टि हो सके. वहीं मामला बढ़ने के बाद विराट कोहली की टीम ने इस दावे पर कड़ा जवाब दिया. उन्होंने इसे 'पूरी तरह से झूठा, आधारहीन और तथ्यों के विपरीत' बताया.
विराट की टीम का कड़ा रुख
क्रिकेटर विराट कोहली की टीम ने कहा, 'हम साफ-साफ कहना चाहते हैं कि फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा ने विराट कोहली के बारे में जो दावे किए हैं, वे पूरी तरह से झूठे, बेबुनियाद और असल में गलत हैं. बयान में आगे कहा गया कि विराट कोहली पूरी तरह से महाराज जी के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन करने आते हैं.
टीम ने कड़े शब्दों में कहा, 'हम इन दावों का पूरी तरह से खंडन करते हैं और मीडिया से रिक्वेस्ट करते हैं कि वे पूरी जांच पड़ताल करें, ऐसे बयानों को रिपोर्ट करने या बढ़ा-चढ़ाकर बताने से पहले फैक्ट्स वेरिफाई करें और जिम्मेदारी से रिपोर्ट करें.
विराट-अनुष्का कई बार आश्रम दर्शन को पहुंचे
बता दें, कि विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ एक-दो बार नहीं बल्कि कई बार प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने और उनसे मुलाकात करने पहुंच चुके हैं. जनवरी 2023 में दोनों की पहली चर्चित मुलाकात सामने आई थी. इसके बाद भी यह कपल कई मौकों पर वृंदावन पहुंचा है और प्रेमानंद महाराज से आध्यात्मिक बातचीत करता नजर आया है.
प्रेमानंद महाराज से मुलाकातों का सिलसिला रहा जारी
विराट के करियर के अहम दौर में भी इन मुलाकातों का सिलसिला जारी रहा. 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद भी विराट और अनुष्का प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे थे. जुलाई 2026 में भी दोनों की आश्रम यात्रा चर्चा में रही थी. ऐसे में 5 करोड़ रुपये लेने का दावा सामने आने के बाद विराट की टीम की सफाई ने इस पूरे मामले को लेकर स्थिति साफ कर दी है.