Anshula Kapoor Pre Wedding: बॉलीवुड के मशहूर कपूर परिवार में इन दिनों जश्न का माहौल है. फिल्ममेकर बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर जल्द ही अपने मंगेतर रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं. शादी से पहले उनके प्री-वेडिंग फंक्शंस की शुरुआत हो चुकी है और हाल ही में माता की चौकी का आयोजन किया गया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहे हैं, हाल ही में अंशुला ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें पूरा कपूर खानदान जश्न में डूबा नजर आ रहा है, साथ ही अंशुला भी अपने भाई-बहनों के साथ खूब खुश दिख रही हैं, क्या आपने देखा ये वीडियो?
माता की चौकी में झूमा पूरा कपूर खानदान
अंशुला कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर माता की चौकी की कई झलकियां शेयर की हैं. वीडियो में पूरा कपूर परिवार भक्ति और खुशियों के रंग में रंगा नजर आया. कार्यक्रम में अंशुला और रोहन ने माता रानी की आरती उतारकर उनका आशीर्वाद लिया.
भाई-बहनों के साथ अंशुला ने लगाए खूब ठुमके
इस खास मौके पर अर्जुन कपूर, जाह्नवी कपूर, खुशी कपूर और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे. ढोल की थाप पर पूरा परिवार जमकर नाचा. वहीं अंशुला ने अपने भाई-बहनों के साथ जमकर ठुमके लगाए जिसने समारोह की रौनक को और भी ज्यादा बढ़ा दिया. वहीं, उनके होने वाले दूल्हे रोहन ठक्कर के साथ उनकी कई खूबसूरत तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिन्हें फैंस खूब पसंद कर रहे हैं, और जमकर प्यार बरसा रहे हैं.
माता के जयकारों से गूंज उठा पूरा हॉल
वीडियो में बोनी कपूर भी बेटी की शादी की खुशियों में डूबे नजर आए. परिवार के सभी सदस्य एक साथ मिलकर माता रानी के जयकारे लगाते दिखाई दिए. सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अंशुला और रोहन को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी जोड़ी को मेड फॉर ईच अदर बता रहे हैं.
कौन हैं रोहन ठक्कर?
बता दें कि अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की शादी 6 जुलाई को मुंबई में होने वाली है. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे और अब अपने रिश्ते को नया नाम देने जा रहे हैं. अगर रोहन ठक्कर की बात करें तो वह पेशे से स्क्रीनराइटर हैं. उन्होंने न्यूयॉर्क फिल्म एकेडमी से प्ले राइटिंग और स्क्रीनराइटिंग में मास्टर डिग्री हासिल की है. रोहन कई शॉर्ट फिल्मों और क्रिएटिव प्रोजेक्ट से जुड़े रहे हैं. इसके अलावा वह धर्मा प्रोडक्शंस के साथ फ्रीलांस राइटर के तौर पर भी काम कर चुके हैं.
फैंस को अंशुला-रोहन की शादी का बेसब्री से है इंतजार
बहरहाल, लाइमलाइट से दूर रहने वाले रोहन कपूर परिवार के बेहद करीब हैं और परिवार के सभी सदस्यों के साथ उनका खास रिश्ता है. अब फैंस को उस दिन का इंतजार है जब अंशुला कपूर दुल्हन के जोड़े में नजर आएंगी और उनकी शादी की तस्वीरें सामने आएंगी.