Anjali Arora: 'कच्चा बादाम' फेम सोशल मीडिया स्टार अंजलि अरोड़ा इन दिनों अपनी नई फिल्म को लेकर भारी विवादों में घिर गई हैं. अंजलि जल्द ही बड़े पर्दे पर पौराणिक फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' में माता सीता के पवित्र किरदार में नजर आने वाली हैं. हाल ही में इस फिल्म का टीजर सामने आया, जिसके बाद अंजलि की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. अंजलि की पुरानी कंट्रोवर्सी का हवाला देते हुए लोग उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं और रोल से हटाने की मांग कर रहे हैं.
टीजर आते ही सोशल मीडिया पर बवाल
फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग को लेकर बहस छिड़ गई है. इंटरनेट पर कई लोग लिख रहे हैं कि अंजलि को इस पवित्र रोल में देखना 'घोर कलयुग' है. वहीं कई यूजर्स मेकर्स से उन्हें फिल्म से बाहर करने की मांग तक कर रहे हैं.
'कच्चा बादाम' और 'लॉक अप' से पहचान
अंजलि अरोड़ा को सबसे पहले वायरल सॉन्ग 'कच्चा बादाम' पर रील बनाने से रातों-रात पहचान मिली थी. इसके बाद वे कंगना रनौत के रिएलिटी शो 'लॉक अप' में नजर आईं, जहां कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के साथ उनकी बॉन्डिंग और केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में रही थी.
फेक वीडियो और कानूनी कार्रवाई
साल 2022 में एक विवादित वीडियो वायरल होने के बाद अंजलि का नाम काफी उछला था. हालांकि, अंजलि ने साफ कहा था कि वीडियो फर्जी है और उन्हें बदनाम करने के लिए एडिट किया गया है. इस मामले में अंजलि ने कुछ मीडिया पोर्टल्स और यू-ट्यूब चैनल्स के खिलाफ पुलिस में एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई थी.
बॉयफ्रेंड की गिरफ्तारी का मामला
अंजलि के बॉयफ्रेंड आकाश सनसनवाल भी विवादों में रह चुके हैं. मेरठ के एक टोल प्लाजा पर उनकी गाड़ी पर फर्जी वीआईपी स्टीकर लगा पाए जाने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में उन्हें गिरफ्तार कर लिया था और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था.
25 सितंबर को थिएटर्स में होगी रिलीज
इन तमाम विवादों के बीच फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है. इस फिल्म में अंजलि के साथ एक्टर देव शर्मा भगवान राम के किरदार में दिखेंगे. एक तरफ जहां ट्रोलर्स अंजलि का विरोध कर रहे हैं, वहीं उनके फैंस इस नए अवतार को देखने के लिए उत्साहित हैं.