बॉलीवुड के झक्कास एक्टर अनिल कपूर एक बार फिर अपने अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से खास मुलाकात है. अनिल कपूर ने हाल ही में पेरिस में मैक्रों से मुलाकात की और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं. एक्टर ने इस मुलाकात को बेहद खास बताते हुए कहा कि पेरिस में उन्हें बिल्कुल घर जैसा महसूस हुआ.

मैक्रों के ऑफिस में पहुंचे अनिल कपूर

अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें शेयर की हैं. इनमें फ्रांसीसी राष्ट्रपति उनका स्वागत करते नजर आ रहे हैं. कुछ तस्वीरों में दोनों साथ पोज देते दिख रहे हैं. इस दौरान मैक्रों ने अनिल कपूर को अपना ऑफिस भी दिखाया. जहां उन्होंने नेपोलियन के टाइम की कई कलाकृतियों को देखा.

अनिल कपूर ने क्या लिखा कैप्शन

एक्टर ने तस्वीरें शेयर करते हुए एक प्यारा सा कैप्शन भी लिखा जिसमें उन्होंने कहा कि मैंक्रो के साथ ये मेरी दूसरी मुलाकात है, पहली बार हम भारत में मिले थे, तब बिल्कुल ऐसा नहीं लगा था कि हम पहली बार मिल रहे हैं, बल्कि ऐसा महसूस हुआ जैसे हम सालों से एक दूसरे को जनाते हों. अब फ्रांस में हुई ये दूसरी मुलाकात भी वैसी ही पहले जैसी अपनेपन से भरी लगी.

अनिल कपूर ने फ्रांस के राष्ट्रपति से की मुलाकात

'आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर हुई चर्चा'

इसे बाद एक्टर ने अपनी पोस्ट में आगे बताया कि हमारे बीच कला, संस्कृति, सिनेमा और एआई जैसे टॉपिक पर भी बातचीत हुई और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी चर्चा हुई.

अनिल कपूर ने मैक्रों का किया शुक्रिया अदा

एक्टर ने मैक्रों का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि उन्होंने पेरिस में उन्हें और उनके भतीजे को अपने घर जैसा महसूस कराया. अनिल ने अपनी दोस्ती पर खुशी जाहिर की और मैक्रों को दोबारा भारत आने का न्योता भी दिया.

चार दशक से ज्यादा का शानदार करियर

अनिल कपूर भारतीय सिनेमा के उन सितारों में शामिल हैं, जिन्होंने चार दशक से ज्यादा समय तक दर्शकों का मनोरंजन किया है. 'मिस्टर इंडिया', 'राम लखन', 'नायक' और 'पुकार' जैसी फिल्मों से उन्होंने खास पहचान बनाई. 'स्लमडॉग मिलियनेयर' और 'मिशन: इम्पॉसिबल- घोस्ट प्रोटोकॉल' से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नाम कमाया.

वर्कफ्रंट पर अनिल कपूर

हाल के सालों की अगर बात करें, तो अनिल कपूर ने 'एनिमल', 'फाइटर' और 'वॉर 2' जैसी फिल्मों में नजर आए जो अब शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' में दिखाई देंगे.