Ananya Raj Death: एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. जहां बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या राज के निधन की खबर ने फैंस को सदमा दिया है. हैरान करने वाली बात यह है कि उनके निधन की जानकारी परिवार ने करीब एक महीने बाद सोशल मीडिया के जरिए शेयर की है. अनन्या के परिवार ने उनके ही इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर फैंस को इस दुखद खबर की जानकारी दी. पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

परिवार ने दी अनन्या के निधन की जानकारी

अनन्या राज के परिवार ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि एक्ट्रेस का निधन 15 जुलाई की सुबह हुआ था. परिवार के मुताबिक, अनन्या ने सोते हुए ही शांति से अंतिम सांस ली. पोस्ट में परिवार ने बताया कि अनन्या पिछले एक साल से ज्यादा समय से शारीरिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रही थीं.

---विज्ञापन---

एक्ट्रेस ने एक योद्धा की तरह किया संघर्ष

परिवार ने लिखा कि अनन्या ने अपनी तकलीफों से बाहर आने के लिए एक योद्धा की तरह संघर्ष किया. वह मजबूत इरादों वाली थीं और अपनी जिंदगी को रानी की तरह जीती थीं. परिवार ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें अनन्या की बहुत कमी खलेगी. साथ ही फैंस से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की.

परिवार ने की ये मांग

अनन्या के परिवार ने इस मुश्किल वक्त में लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की भी अपील की है. परिवार ने कहा कि वे इस दुख की घड़ी में शांति और प्राइवेसी चाहते हैं. जैसे ही सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आई, फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई.

---विज्ञापन---

इन फिल्मों में नजर आई थीं अनन्या

अनन्या राज ने बॉलीवुड की कुछ फिल्मों में काम किया था. वह '7 ऑवर्स टू गो', 'द फाइनल एग्जिट' और 'घोस्ट' जैसी फिल्मों का हिस्सा रही थीं. हालांकि, पिछले कुछ समय से वह फिल्म इंडस्ट्री से दूर थीं और सोशल मीडिया पर भी ज्यादा एक्टिव नहीं थीं.

फैंस दे रहे श्रद्धांजलि

इसी वजह से उनके निधन की खबर ने फैंस को और ज्यादा हैरान कर दिया. कई लोगों के लिए यह यकीन करना मुश्किल है कि अनन्या अब इस दुनिया में नहीं हैं. उनके अचानक निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

---विज्ञापन---