फिल्म घोस्ट में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस अनन्या राज का 27 साल की उम्र में निधन हो गया. हालांकि, एक्ट्रेस के परिवार ने उनके निधन की खबर एक महीने बाद सोशल मीडिया पर शेयर की. परिवार ने निधन की जानकारी शेयर करते हुए बताया कि अनन्या की मौत 15 जुलाई की सुबह नींद में ही हो गई थी और वह काफी वक्त से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों से जूझ रही थीं. हालांकि, एक्ट्रेस के निधन के बाद अब उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

अनन्या राज की आखिरी पोस्ट

अनन्या राज ने अपनी आखिरी पोस्ट 17 मई को की थी, जिसमें उन्होंने कुछ तस्वीरें शेयर की थीं. इन तस्वीरों में वह बेहद खूबसूरत नजर आ रही थीं. एक्ट्रेस ने इस दौरान ऑफ-शोल्डर ब्लैक ड्रेस पहनी थी. उन्होंने हाथों में ब्लैक ग्लव्स पहने थे और बोल्ड मेकअप के साथ रेड लिपस्टिक लगाई थी. इसके साथ एक्ट्रेस ने गोल्डन चेन और गोल्डन इयरिंग्स पहने थे. इस दौरान वह बेहद खूबसूरत नजर आ रही थीं. इन तस्वीरों को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “ब्लैक टू व्हाइट. चमकने का वक्त आ गया है.” वहीं, पोस्ट पर फैंस एक्ट्रेस के लुक की तारीफ कर रहे हैं. अनन्या के इंस्टाग्राम पर 275K फॉलोअर्स हैं.

---विज्ञापन---

इन फिल्मों में अनन्या ने किया था काम

अनन्या राज मुंबई की रहने वाली थीं और उनका पालन-पोषण भी वहीं हुआ था। उन्होंने कुछ हिंदी और अन्य भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया था. साल 2016 में आई फिल्म 7 आवर्स टू गो से उन्होंने बॉलीवुड में करियर की शुरुआत की. इसके बाद वह द फाइनल एग्जिट में भी नजर आई थीं. इसके अलावा, वह विक्रम भट्ट की फिल्म घोस्ट में भी काम कर चुकी हैं. वह कई म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आ चुकी हैं. अनन्या तेलुगु फिल्मों में भी काम कर चुकी थीं. वह मद्रासी गैंग और थगड़े ले में भी नजर आई थीं.

परिवार ने दी अनन्या के निधन की जानकारी

अनन्या के निधन की जानकारी उनके परिवार ने 16 अगस्त को सोशल मीडिया पर शेयर की. परिवार ने बताया, “यह अनन्या का परिवार है. बहुत दुख के साथ हमें यह बताना पड़ रहा है कि 15 जुलाई की सुबह अनन्या का निधन हो गया. उन्होंने सोते हुए ही शांति से आखिरी सांस ली. पिछले एक साल से अधिक समय से वह शारीरिक और मानसिक तकलीफों से जूझ रही थीं और उन्होंने इन तकलीफों से उबरने के लिए एक योद्धा की तरह संघर्ष किया. वह बहुत मजबूत इरादों वाली लड़की थीं और उन्होंने एक रानी की तरह जीवन जिया. बच्ची, तुम्हारी कमी बहुत खलेगी. हम आप सभी से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध करते हैं. इस मुश्किल समय में हम अपनी निजता और शांति बनाए रखना चाहते हैं."

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें- Netflix पर आते ही नंबर 1 बनी 155 मिनट की ये फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर भी काट चुकी है गदर