Amitabh Bachchan Reacts To Vaibhav Suryavanshi Batting: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के क्वालीफायर 2 मुकाबले में भले ही राजस्थान रॉयल्स (RR) को गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन महज 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया. उनकी इस अद्भुत पारी के दीवाने सिर्फ आम फैंस ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) भी हो गए हैं. मैच में टीम की हार के बाद जब वैभव भावुक हो गए, तो बिग बी ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की और एक बेहद दिलचस्प पोस्ट शेयर कर उनका हौसला बढ़ाया.

अमिताभ बच्चन का मजेदार और प्रेरक पोस्ट

अमिताभ बच्चन ने अपने आधिकारिक एक्स (X) अकाउंट पर लिखा, "टी 5756(आई) - सूर्यवंशी - 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्य. इस उम्र में तो हम बच्चे गुल्ली डंडा और बंटो (कंचे) भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे!!" बिग बी ने इस पोस्ट के जरिए वैभव की कम उम्र में इतनी परिपक्व और आक्रामक बल्लेबाजी की सराहना की.

---विज्ञापन---

हार के बाद भावुक हुए वैभव

वैभव ने मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करते हुए 47 गेंदों में 96 रन बनाए, लेकिन उनकी टीम जीत की दहलीज पार नहीं कर सकी. टूर्नामेंट से बाहर होने के दुख में वैभव डगआउट में ही रो पड़े, जिसके बाद टीम स्टाफ और सीनियर खिलाड़ियों ने उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया.

फैंस ने बांधे तारीफों के पुल

सोशल मीडिया पर अमिताभ बच्चन के पोस्ट के बाद फैंस ने भी खूब कमेंट्स किए. एक फैन ने लिखा कि आरआर की हार का इकलौता अफसोस यह है कि अब इस सीजन में वैभव की ऐसी शानदार पारी दोबारा देखने को नहीं मिलेगी. वहीं, अन्य फैंस ने इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे वैभव के पिता के त्याग, तपस्या और कड़ी मेहनत को सलाम किया.

---विज्ञापन---

अमिताभ बच्चन का हालिया वर्क फ्रंट

बिग बी के काम की बात करें, तो उन्हें आखिरी बार साल 2024 में रजनीकांत के साथ तमिल फिल्म 'वेट्टैयान' और प्रभास व दीपिका पादुकोण के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' में देखा गया था. इसके अलावा उन्होंने गुजराती फिल्म 'फक्त पुरुषो माते' में कैमियो किया था और साल 2025 में आई फरहान अख्तर की फिल्म '120 बहादुर' के लिए अपनी दमदार आवाज में वॉइसओवर भी दिया था.

---विज्ञापन---

'कल्कि' के सीक्वल की तैयारी

अमिताभ बच्चन इन दिनों प्रभास और कमल हासन के साथ फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' के सीक्वल (भाग 2) की शूटिंग में व्यस्त हैं. इस फिल्म में वे 'अश्वत्थामा' के अपने आइकॉनिक किरदार को आगे बढ़ाएंगे. चर्चा है कि इस बार प्रोजेक्ट में साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी की भी एंट्री हो सकती है, हालांकि मेकर्स की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.

---विज्ञापन---