बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर धमकी मिलने के बाद चर्चा में आ गए हैं. मुंबई में उनके बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इस बार सिर्फ अमिताभ बच्चन का घर ही नहीं, बल्कि मुंबई की कई अहम जगहों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. खास बात यह है कि धमकी भरे ईमेल में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट का भी जिक्र किया गया है.
दरअसल, 26 नवंबर को 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के मौके पर मुंबई के अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला. इसमें BMC मुख्यालय स्थित मेयर के ऑफिस में अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' और शहर के मेट्रो नेटवर्क को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है. यह ईमेल मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े को भेजा गया था.
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर हमले की धमकी
इस धमकी भरे ईमेल में सबसे ज्यादा चिंता की बात दिलजीत दोसांझ का मुंबई कॉन्सर्ट है. सिंगर का शो 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आयोजित होना है. ईमेल भेजने वाले ने कॉन्सर्ट के आयोजन पर आपत्ति जताते हुए हमले की चेतावनी दी है.
ईमेल में खालिस्तान और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया है. इसके अलावा इसमें 'बब्बर खालसा और 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' जैसे नामों का उल्लेख किया गया है. मेल में दावा किया गया है कि अगर दिलजीत का कॉन्सर्ट आयोजित हुआ तो मुंबई में लगातार 30 दिनों तक ग्रेनेड हमले किए जाएंगे.
मुंबई मेट्रो को भी बनाया निशाना
धमकी भरे ईमेल में मुंबई के मेट्रो नेटवर्क को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. इसके अलावा शहर की कुछ प्रमुख जगहों पर हमले की चेतावनी दी गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की जांच कर रही हैं और धमकी की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी हैं.
बेंगलुरु कॉन्सर्ट को भी मिली थी धमकी
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर यह पहली धमकी नहीं है. इससे पहले उनके बेंगलुरु शो को लेकर भी धमकी भरा ईमेल सामने आया था. 29 नवंबर को मदावारा स्थित NICE ग्राउंड्स में होने वाले कॉन्सर्ट के दौरान IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से धमाका करने की चेतावनी दी गई थी.