Ameesha Patel: बॉलीवुड एक्ट्रेस 'अमीषा पटेल' (Ameesha Patel) सोशल मीडिया पर अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं! फैंस के साथ बातचीत और जिंदगी के अपडेट्स शेयर करने के दौरान अमीषा ने बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के एंटोराज कल्च (Entourage Culture) पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने एक्ट्रेसेस की बड़ी-बड़ी टीमों के उस फिजूल खर्चे पर सवाल उठाए हैं, जिसे फिल्म के प्रोड्यूसर्स को उठाना पड़ता है. अमीषा ने दावा किया कि कई बार यह खर्च फिल्म के पहले दिन की कमाई से भी ज्यादा हो जाता है.
प्रोड्यूसर्स पर पड़ता है भारी बोझ
सोशल मीडिया पर एक फैन ने जब अमीषा से पूछा कि क्या प्रोड्यूसर्स के पैसों पर एक्ट्रेसेस का बड़ी टीम के साथ घूमना सही है, तो अमीषा ने खुलकर भड़ास निकाली. उन्होंने कहा कि कई फीमेल एक्ट्रेसेस अपने स्टारडम को हैंडल नहीं कर पा रही हैं और प्रमोशन्स के दौरान अपनी टीम का पूरा खर्चा प्रोड्यूसर्स की जेब पर डाल देती हैं.
ओपनिंग कलेक्शन से ज्यादा एंटोराज खर्च
अमीषा पटेल ने तंज कसते हुए कहा कि कई बार इन एक्ट्रेसेस की पर्सनल टीम का ट्रैवल और लग्जरी खर्च फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन से भी ज्यादा निकल जाता है. उन्होंने तंज कसा कि उम्मीद है कि ये एक्ट्रेसेस बिना किसी प्रोड्यूसर के सपोर्ट के, अपनी रियल लाइफ में भी इतनी ही बड़ी टीम का खर्च खुद उठाएंगी.
'99 रुपये टिकट' वाली फिल्मों पर तंज
जब एक फैन ने उनसे नए प्रोजेक्ट्स के बारे में पूछा, तो अमीषा ने साफ कहा कि वे 'एक के साथ एक फ्री' ऑफर या 99 रुपये की सस्ती टिकट स्कीम वाली फिल्मों का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं. वे बेकार की फिल्मों में टाइम वेस्ट करने के बजाय कुछ सालों में एक बार 'गदर' जैसी बड़ी फिल्म करना पसंद करेंगी.
'गदर 2' रही आखिरी बड़ी हिट
अमीषा पटेल की आखिरी बड़ी हिट साल 2023 में आई अनिल शर्मा के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'गदर 2' (Gadar 2) थी. सनी देओल के साथ 'सकीना' के आइकोनिक रोल में उन्हें फैंस ने खूब पसंद किया था. इस फिल्म में उत्कर्ष शर्मा, सिमरत कौर, मनीष वाधवा और गौरव चोपड़ा भी अहम किरदारों में नजर आए थे.
कब करेंगी बॉक्स ऑफिस पर वापसी?
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमीषा आखिरी बार 2024 की लो-बजट फिल्म 'तौबा तेरा जलवा' में दिखाई दी थीं. फिलहाल उन्होंने अपने किसी नए प्रोजेक्ट का ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया है, लेकिन उनका दावा है कि वे बहुत जल्द एक धमाकेदार प्रोजेक्ट के साथ बॉक्स ऑफिस पर फिर से वापसी करने वाली हैं.