Alka Yagnik Hearing Loss Disease Health Update: बॉलीवुड की मशहूर सिंगर अलका याग्निक की तबीयत को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. मालूम हो कि साल 2024 में सिंगर अलका याग्निक ने बताया था कि वो सुनने की एक रेयर बीमारी से पीड़ित हैं. इस बीमारी से जूझते हुए उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस खबर ने अलका याग्निक के फैंस को जोर का झटका दिया है. इस बीमारी की वजह से उन्हें लाइमलाइट से भी दूर होना पड़ा. हाल ही में उन्होंने एक बार फिर अपनी बीमारी को लेकर अपडेट शेयर किया है. उन्होंने बताया कि वो अभी भी इस बीमारी से जूझ रही हैं. चलिए जानते हैं कि उन्होंने क्या कुछ बताया है.
अब कैसी हैं अलका याग्निक?
हाल ही में NDTV के साथ एक इंटरव्यू में अलका याग्निक ने अपनी बीमारी के बारे में भी बात की. एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि अलका याग्निक अपनी बीमारी के बारे में बात करने से हिचकिचा रही थीं. लेकिन इस इंटरव्यू में अलका ने कहा कि वो अभी भी रेयर सेंसरिन्यूरल हियरिंग लॉस की बीमारी से परेशान हैं. सिंगर ने बताया कि अपनी बीमारी की वजह से उन्होंने कोई नया सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लिया है. अलका ने इंटरव्यू में कहा, 'कंपोजर्स कभी-कभी मुझसे कॉन्टैक्ट करते हैं. लेकिन मैं ये काम नहीं कर पाती.'
पद्म भूषण का सम्मान
इस साल की शुरुआत में ही अलका याग्निक को भारत सरकार की तरफ से पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था. इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें इस सम्मान की उम्मीद थी, तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा, 'नहीं, सच में नहीं थी. जब भी यह मिलता, इसका ऐसे ही स्वागत होता.'
अलका याग्निक की बीमारी
अलका याग्निक को आखिरी बार साल 2024 में रिलीज हुई इम्तियाज अली की फिल्म 'अमर सिंह चमकीला' में गाते हुए सुना गया था. फिल्म में उन्होंने ए.आर. रहमान का बनाया गाना 'नरम कालजा' गाया था. इसी साल उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखकर बताया कि उन्हें रेयर सेंसरिन्यूरल नर्व हियरिंग लॉस नाम की एक बीमारी हुई है. उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'ये पोस्ट मेरे सभी फैंस, दोस्तों, फॉलोअर्स और वेल विशर्स के लिए है. कुछ हफ्ते पहले, जब मैं एक फ्लाइट से बाहर निकली, तो मुझे अचानक लगा कि मैं कुछ सुन नहीं पा रही हूं. इस घटना के बाद के हफ्तों में थोड़ी हिम्मत जुटाकर, मैं अब अपने सभी दोस्तों के लिए अपनी चुप्पी तोड़ना चाहती हूं, जो मुझसे पूछ रहे थे कि मैं एक्शन में क्यों गायब हूं. मेरे डॉक्टरों ने इसे एक रेयर सेंसरिन्यूरल नर्व हियरिंग लॉस बताया है, जो एक वायरल अटैक की वजह से है. अब मैं इसे समझने की कोशिश कर रही हूं, तो प्लीज मुझे अपनी दुआओं में याद रखना.'