बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की जोड़ी अक्सर सुर्खियों में रहती है. दोनों की शादी को चार साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होती रहती हैं. कभी दोनों के बीच 10 साल के उम्र के फासले पर सवाल उठते हैं, तो कभी आलिया के कुछ पुराने बयानों को लेकर उनकी शादी को बेमेल बताया जाता है. अब इन तमाम अटकलों पर आलिया ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. एक्ट्रेस ने साफ कहा है कि उनकी शादी को लेकर बनाई जा रही ऐसी कहानियां गलत और अपमानजनक हैं.

शादी को लेकर लोगों की सोच पर भड़कीं आलिया

आलिया भट्ट का नाम 'टाइम्स 100 नेक्स्ट इंडिया' की लिस्ट में शामिल हुआ है. इस मौके पर दिए इंटरव्यू में उन्होंने रणबीर के साथ अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली चर्चाओं पर नाराजगी जताई. आलिया का कहना है कि लोग बिना सच्चाई जाने उनकी शादी को लेकर अपनी धारणाएं बना लेते हैं.

आलिया ने अपने रिश्ते की बताई सच्चाई

एक्ट्रेस ने कहा कि वह हमेशा महिलाओं को अपने दिल और दिमाग की सुनने की सलाह देती हैं. ऐसे में उन्हें एक ऐसी महिला के तौर पर दिखाना, जो अपनी शादी में दुखी है. बिल्कुल गलत और अपमानजनक है. उनके मुताबिक, शायद कुछ लोग ऐसे रिश्तों को समझ नहीं पाते, जो शादी को लेकर उनकी पारंपरिक सोच से अलग होते हैं.

रणबीर को बताया अपनी ताकत

आलिया ने रणबीर के साथ अपने रिश्ते की असलियत बताते हुए कहा कि किसी भी रिश्ते में सबसे जरूरी है कि आपका पार्टनर आपको बिना कुछ कहे समझ सके और आपकी बात सुन सके. रणबीर उनके लिए यही मायने रखते हैं. उनके इस बयान से साफ है कि वह अपने रिश्ते को लेकर बाहर के लोगों की बनाई धारणाओं से सहमत नहीं हैं.

लिपस्टिक से लेकर तेज आवाज तक पर हुई थी चर्चा

दरअसल, आलिया और रणबीर की शादी को लेकर विवाद तब बढ़ा, जब एक्ट्रेस ने बताया था कि रणबीर को बहस के दौरान उनकी ऊंची आवाज पसंद नहीं है. इसके अलावा उन्होंने यह भी खुलासा किया था कि रणबीर को उनके होंठों का नैचुरल रंग पसंद है और वह उन्हें लिपस्टिक हटाने के लिए कहते थे.

क्यों और कैसे ट्रोलर्स के निशाने पर आए थे रणबीर?

इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर रणबीर को कंट्रोलिंग कहकर ट्रोल किया गया. जुलाई 2024 में रणबीर के एक पॉडकास्ट में दिए बयान के बाद भी दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं.

'लव एंड वॉर' में दिखेगी जोड़ी

आलिया और रणबीर जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' में साथ नजर आएंगे. फिल्म में विक्की कौशल भी अहम भूमिका में हैं. 'ब्रह्मास्'' के बाद यह दूसरी बार होगा, जब आलिया और रणबीर एक साथ पर्दे पर दिखाई देंगे. फिल्म जनवरी 2027 में रिलीज होने वाली है.