Starkid Actress High School Dropout: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे कई स्टारकिड्स हैं, जिन्होंने अपने सुपरस्टार माता-पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए फिल्मी दुनिया में नाम बनाया है. लेकिन हर सिक्के के दो पहलू होते हैं. जहां कुछ स्टारकिड्स अपने काम और टैलेंट के दम पर सुपरस्टार बन गए हैं, वहीं कुछ स्टारकिड्स के एक्टिंग करियर को खास सफलता नहीं मिली. आज हम आपको ऐसे ही एक स्टारकिड के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने 3 बार फेल होने के बाद 10वीं क्लास में ही अपनी पढ़ाई छोड़ दी. इतना ही नहीं, उनका एक्टिंग करियर भी कुछ खास नहीं रहा. चलिए आपको इस स्टारकिड के बारे में बताते हैं.
3 बार फेल होने के बाद स्टारकिड ने छोड़ी पढ़ाई
हम जिस स्टारकिड की बात कर रहे हैं, वो कोई और नहीं बल्कि सुपरस्टार कमल हासन की छोटी बेटी अक्षरा हासन हैं. हाल ही में अक्षरा हासन साइरस ब्रोचा के पॉडकास्ट पर पहुंचीं. यहां उन्होंने अपनी पढ़ाई को लेकर बड़ा खुलासा किया. अक्षरा ने बताया कि तीन बार फेल होने के बाद उन्होंने हाई स्कूल के बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी. अक्षरा हासन ने अपनी स्कूल और ग्रेजुएशन की पढ़ाई के बारे में बात करते हुए कहा, 'मैंने हाई स्कूल से लेकर ग्रेजुएशन तक कोई पढ़ाई नहीं की। मैंने तीन बार फेल होने के बाद हाई स्कूल के बीच में ही अपनी पढ़ाई छोड़ दी. क्योंकि पढ़ाई में मेरा इंटरेस्ट खत्म हो गया था. मुझे एहसास हो गया था कि मैं पास नहीं हो पाऊंगी.'
पहली नौकरी…
फिल्मी दुनिया में अपने करियर के बारे में बात करते हुए अक्षरा हासन ने कहा, 'दरअसल, मेरी पहली नौकरी एक्ट्रेस के तौर पर नहीं थी और न ही असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर थी. मैं सबसे पहले कोरियोग्राफर थी. मैंने म्यूजिक वीडियो से अपने करियर की शुरुआत की थी. मैं अपने डांसर्स फ्रेंड के लिए उनके वीडियो को कोरियोग्राफ करती थी. मेरा इरादा डायरेक्टर बनने का था. डायरेक्टर बनने के लिए मैंने असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया. एक्टिंग में आने का कारण यह है कि अगर आपने इसे आजमाया ही नहीं है, तो आप इसे कैसे मना कर सकते हैं? जाहिर तौर पर मैं कैमरे के पीछे जाना चाहती हूं.'
मम्मी-पापा का मिला साथ
अक्षरा हासन ने अपने मम्मी-पापा कमल हासन और सारिका के बारे में बात करते हुए कहा, 'मेरे पैरेंट्स ने कभी भी मुझ पर और मेरी बहन पर यह दबाव नहीं डाला कि 'अच्छा, अब आप एक्टर्स की बेटी हो, तो एक्टर ही बनना है.' उन्होंने कहा कि आपको ऐसा करने की जरूरत नहीं है. हम यही सलाह देते हैं कि अगर आप एक्टर नहीं बनना चाहतीं, तो मत बनो. जो करना चाहती हो, वही करो. इसलिए, मुझे लगता है कि इससे हमारे कंधों से बोझ काफी हद तक उतर गया.'
एक्टिंग करियर भी हुआ फ्लॉप
बता दें कि अक्षरा हासन ने साल 2015 में आई आर. बाल्की की फिल्म 'शमिताभ' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. अक्षरा ने अपने करीब 11 साल के एक्टिंग करियर में 6-7 फिल्मों में ही काम किया है.