Rahul Roy Reel With Content Creator: एक समय था जब राहुल रॉय का हेयरस्टाइल और उनकी फिल्में युवाओं के बीच क्रेज हुआ करती थीं. 1990 में आई 'आशिकी' ने उन्हें बॉलीवुड का चमकता सितारा बना दिया था. लेकिन वक्त के साथ राहुल रॉय लाइमलाइट से दूर होते गए. साल 2020 में ब्रेन स्ट्रोक का सामना करने के बाद से वे अपनी सेहत पर ध्यान दे रहे हैं. हाल ही में इंस्टाग्राम पर सामने आई कुछ रीलों ने उनके चाहने वालों को झकझोर कर रख दिया है. इन वीडियो में राहुल रॉय की असहजता साफ झलक रही है, जिसे देखकर लोग पूछ रहे हैं कि आखिर एक सुपरस्टार के इतने बुरे दिन कैसे आ गए?

रील देख फैंस को लगा झटका

हाल ही में डॉ. वनिता घड़ागे नाम की एक यूजर ने राहुल रॉय के साथ कई रील शेयर की हैं. इन वीडियो में राहुल को उनकी पुरानी फिल्मों के गानों पर अजीब ढंग से डांस और लिप-सिंक करते देखा जा सकता है. वीडियो में राहुल रॉय के चेहरे पर कोई भाव नहीं दिख रहे और वे काफी थके हुए लग रहे हैं. फैंस को यह सब काफी अटपटा और असहज लग रहा है.

---विज्ञापन---

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

जैसे ही ये रील वायरल हुई, कमेंट्स की बाढ़ आ गई. लोग अपनी चिंता और नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "राहुल रॉय, अगर आप खतरे में हैं तो पलकें झपकाएं," वहीं दूसरे ने लिखा, "क्या इतने बुरे दिन आ गए हैं कि आपको ऐसी रील बनानी पड़ रही है?" कुछ लोग तो इसे एआई (AI) जनरेटेड वीडियो भी समझ रहे थे, लेकिन असलियत जानकर उन्हें गहरा दुख हुआ.

हेल्थ और आर्थिक स्थिति पर सवाल

नवंबर 2020 में कारगिल में शूटिंग के दौरान राहुल रॉय को ब्रेन स्ट्रोक हुआ था. इसके बाद वे लंबे समय तक अस्पताल में रहे. अब जिस तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं, उससे लोग कयास लगा रहे हैं कि क्या वे किसी आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं? पिछले साल उन्हें बिहार की एक शादी में गिटार बजाते और लिप-सिंक करते हुए भी देखा गया था, जिसने उनके फैंस को काफी निराश किया था.

---विज्ञापन---

सूटकेस के साथ वायरल हुआ वीडियो

हाल ही में राहुल रॉय का एक और वीडियो चर्चा में आया था, जिसमें वे मुंबई के वर्सोवा की एक टूटी-फूटी सड़क पर अपना सूटकेस खुद खींचते हुए नजर आ रहे थे. हालांकि उन्होंने पैपराजी को देखकर मुस्कुराया, लेकिन एक सुपरस्टार को इस हालत में देखकर लोग पुराने सुनहरे दिनों को याद कर इमोशनल हो रहे हैं.

---विज्ञापन---

स्टारडम से संघर्ष तक का सफर

राहुल रॉय ने महेश भट्ट की 'आशिकी' से डेब्यू किया था, जो ब्लॉकबस्टर रही. इसके बाद उन्होंने 'जुनून' और 'गुमराह' जैसी फिल्मों में भी काम किया. 2007 में वे 'बिग बॉस' के पहले सीजन के विजेता भी रहे. लेकिन पहली फिल्म जैसी सफलता उन्हें दोबारा नहीं मिल पाई. आज उनकी यह स्थिति सिनेमा की चकाचौंध के पीछे छिपे संघर्ष की कहानी बयां करती है.

---विज्ञापन---