Anita Kanwal Reacts on Financial Crisis: बॉलीवुड और टीवी की दिग्गज एक्ट्रेस अनीता कंवल एक बार फिर से सुर्खियों में आ गई हैं. कुछ दिनों पहले ही खबर आई थी कि 72 साल की एक्ट्रेस अनीता कंवल इन दिनों आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं. देखते ही देखते ये खबर सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गई. साथ ही ये भी दावा किया जाने लगा कि दिग्गज अभिनेत्री आर्थिक सहायता मांग रही हैं. अब इन सभी खबरों पर खुद अनीता कंवल ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. अपने बयान में उन्होंने किसी से भी कोई आर्थिक मदद मांगने की बात से इनकार किया है. चलिए जानते हैं कि आखिर उन्होंने इस मामले पर क्या कहा है.

भड़कीं 72 साल की एक्ट्रेस

अनीता कंवल ने अपने इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि इन खबरों से उन्हें काफी दुख पहुंचा है. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान को गलत तरीके से लिया गया, क्योंकि उन्होंने किसी से भी आर्थिक मदद नहीं मांगी थी. अनीता कंवल का कहना है कि इस आर्थिक संकट की खबरों ने उनकी नींद उड़ा दी है. एक वीडियो में अनीता ने कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति पर जिस तरह से चर्चा हो रही थी, उससे वह सुबह 3.45 बजे तक जागती रहीं. उन्होंने बताया कि जर्नलिस्ट विक्की लालवानी ने करीब एक महीने पहले उनका इंटरव्यू लिया था. उस बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया था कि अगर उनके पास कोई आय या काम का ऑफर न हो, तो वे आर्थिक रूप से कितने समय तक गुजारा कर सकती हैं. इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वे बिना कमाई के लगभग एक से डेढ़ साल तक अपना गुजारा कर सकती हैं.

भीख मांग रही हूं…

अनीता कंवल ने आरोप लगाते हुए वीडियो में कहा, 'आप लोग ऐसे लिख रहे हैं कि मेरे पास पैसे नहीं हैं, मैं लोगों से भीख मांग रही हूं. ये गलत बात है! ऐसे क्यों दिखा रहे हैं कि अनीता आर्थिक संकट में है? मैं नहीं हूं. जब अमिताभ बच्चन जी यश चोपड़ा जी के पास गए थे, ये कहने के लिए कि मेरे पास काम नहीं है और आर्थिक रूप से परेशान हूं, तब तो किसी ने ऐसा कुछ नहीं बोला. आज लोग बोल रहे हैं कि एक्ट्रेस ऐसी ही होती हैं. मेरे नाम को इस तरह बदनाम मत करो, इस उम्र में इतनी सक्षम हूं कि अपने अगले 10 साल के लिए कमा सकती हूं.'

अनीता कंवल कौन हैं?

अनीता कंवल बॉलीवुड फिल्म और टीवी जगत की एक दिग्गज अभिनेत्री हैं, जिन्होंने अपने सालों के एक्टिंग करियर में 'बनेगी अपनी बात', 'शांति' और 'ससुराल गेंदा फूल' जैसे क्लासिक टीवी शो दिए हैं. इसके साथ ही 'गंगाजल' और 'कभी हां कभी ना' जैसी हिट फिल्मों में अपनी एक्टिंग का जादू बिखेरा है. वो अपने पिछले 30 साल के करियर में लगातार काम कर रही हैं.