IFFI: गोवा के खूबसूरत नजारों के बीच सिनेमा का सबसे बड़ा महाकुंभ यानी 57वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) शुक्रवार 20 नवंबर से शुरू हो गया है. उद्घाटन समारोह की शाम बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के दिग्गज सितारों ने अपने ग्लैमर और शानदार मौजूदगी से चार चांद लगा दिए. कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) और साई पल्लवी (Sai Pallavi) से लेकर रवि किशन तक तमाम बड़े चेहरों ने इस ग्रैंड इवेंट में शिरकत की. 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' की खास थीम के साथ शुरू हुआ यह फेस्टिवल अगले 9 दिनों तक दुनियाभर की बेहतरीन फिल्मों का जश्न मनाएगा.

कार्तिक आर्यन ने की 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' थीम की तारीफ

समारोह में पहुंचे अभिनेता कार्तिक आर्यन ने इस साल के इफ्फी की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि सिनेमा भाषा की हर सीमा को पार करता है और साझा मानवीय भावनाओं के जरिए दर्शकों को एक साथ जोड़ता है. कार्तिक ने इस मंच को अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों की फिल्मों का एक बड़ा उत्सव बताया.

साई पल्लवी ने बताया कलाकारों के लिए प्रेरणा का मंच

साउथ और बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री साई पल्लवी भी इस खास मौके पर नजर आईं. उन्होंने कहा कि हर फिल्म हर कलाकार और कला के हर रूप को सही दर्शकों की जरूरत होती है ताकि वे और बेहतर काम कर सकें. साई पल्लवी के मुताबिक इफ्फी जैसे फिल्म फेस्टिवल कलाकारों को वह सही मंच प्रोत्साहन ताकत और प्रेरणा देते हैं जिससे वे आगे बढ़कर और शानदार काम कर पाते हैं.

रवि किशन ने बताया भाषाओं से परे जोड़ने वाला माध्यम

उद्घाटन समारोह में शामिल हुए अभिनेता और गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने भी सिनेमा के प्रभाव पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि सिनेमा भाषा और भौगोलिक सीमाओं से ऊपर उठकर लोगों को आपस में जोड़ता है और फिल्में अपनी कहानियों व भावनाओं के जरिए सीधे दर्शकों के दिलों तक पहुंचती हैं.

'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने जताया गर्व

फिल्म 'हनुमान अंश' के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी भी उद्घाटन समारोह का हिस्सा बने और उन्होंने अपनी फिल्म के सफर व सीक्वल की संभावनाओं पर चर्चा की. उन्होंने बताया कि उनकी फिल्म पिछले करीब 105 से 110 दिनों से सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक चल रही है. विशाल ने इफ्फी में शामिल होने को अपनी पूरी टीम के लिए बेहद गर्व का पल बताया.

28 नवंबर तक दिखेगा 86 देशों की फिल्मों का जलवा

गोवा में शुरू हुआ यह फिल्म महोत्सव 20 से 28 नवंबर तक पूरे 9 दिनों तक सिनेमा का जश्न मनाएगा. इस बार 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' थीम के तहत 86 देशों की 154 अंतरराष्ट्रीय फिल्में और 75 भारतीय फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी. इसके अलावा इस साल स्पेन को 'कंट्री ऑफ ऑनर' और रूस को 'पार्टनर कंट्री' का दर्जा दिया गया है.