सोहेल खान इन दिनों अपने अचानक घटे वजन और बदले हुए लुक को लेकर सुर्खियों में हैं। 55 साल के सोहेल जब रियलिटी शो ‘द अलायंस’ में नजर आए, तो उनका काफी दुबला लुक देखकर फैंस हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर किसी ने इसे बीमारी से जोड़ा, तो किसी ने ओजेम्पिक या फैट-बर्निंग सप्लीमेंट्स के इस्तेमाल का अंदाजा लगाया। अब सोहेल ने खुद इन चर्चाओं पर सफाई दी है। सोहेल ने बताया कि उनका वजन किसी दवा या सप्लीमेंट की वजह से नहीं घटा, बल्कि ‘द अलायंस’ के दौरान हुए अनुभवों का इसका बड़ा कारण रहा। शो में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर पहुंचे सोहेल के लिए यह पहला रियलिटी शो था। नए माहौल की वजह से शुरुआत में उन्हें घबराहट और क्लॉस्ट्रोफोबिया महसूस हुआ। इसके बाद पहले ही हफ्ते वह पेट की समस्या से भी परेशान हो गए। स्टमक इंफेक्शन और पेट की तकलीफ ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। हालांकि, साथी कंटेस्टेंट्स ने उनका खूब साथ दिया और उनकी सेहत का ध्यान रखा। सोहेल के मुताबिक, इसी प्यार और सपोर्ट की वजह से वह बीमार होने के बावजूद करीब पांच हफ्ते तक शो में टिके रहे।