Sattu Paratha Recipe: गर्मी का मौसम आते ही अपने साथ बहुत सी परेशानियों को भी लेकर आता है। इस मौसम में सेहत और खानपान का कुछ ज्यादा ही ख्याल रखना पड़ता है। आप अपनी हेल्थ को दुरुस्त रखने के लिए सत्तू के पराठे बनाकर खा सकते हैं, ये बहुत ही हेल्दी और टेस्टी होता है। दरअसल गर्मी में तला-भुना और अधिक मिर्च मसाला खाया जाए तो सेहत पर बुरा असर पड़ता है और बीमार पड़ने के चांस भी ज्यादा बढ़ जाते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप अपने खानपान का विशेष ख्याल रखें।
आपको पता हो कि सत्तू में कई प्रकार के पोषक तत्व जैसे प्रोटीन और फाइबर प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है। ऐसे में सत्तू का सेवन सेहत के लिए बहुत ही लाभकारी होता है। जो लोग सुबह की शुरुआत कुछ हेल्दी खाकर करना चाहते हैं तो सत्तू का पराठा बेस्ट ऑप्शन है। ये बनाने में भी बहुत ही आसान होता है। आइए जानते हैं कि आप अपने और अपने बच्चों के लिए कैसे बना सकते हैं सत्तू के पराठे।
सत्तू के पराठे बनाने के लिए सामग्री Sattu Paratha Recipe
सत्तू– 2 कप
गेहूं का आटा- 3 कप
अजवाइन- आधा चम्मच
लहसुन– 5 कद्दुकस किया हुआ
प्याज – दो बारीक कटे
अदरक- एक चम्मच बारीक कटे
अमचूर– एक चम्मच
हरी मिर्च- 2 से 3 बारीक कटी हुई
नींबू- एक
हरी धनिया– 2 से 3 चम्मच कटी हुई
नमक– स्वादानुसार
घी- दो चम्मच
सरसों तेल– आधा कटोरी
सत्तू के पराठे बनाने की रेसिपी
आप टेस्टी और हेल्दी सत्तू के पराठे बनाने के लिए सबसे पहले आटा लें और उसमें 1 चम्मच घी, थोड़ा सा नमक डालकर गूंथ लें, और कुछ देर के लिए रेस्ट पर छोड़ दें।
अब आप पराठे के लिए मसाला बना लें, इसके लिए एक कटोरी में सत्तू, अदरक, लहसुन, कटा हुआ हरा धनिया, अजवाइन, नींबू का रस और दो चम्मच सरसों का तेल डालकर मिला लें।
पराठा बनाने की विधि
इसके बाद आप आटे की छोटी-छोटी लोई बना लें, अब आप इसमें सत्तू का तैयार किया हुआ मसाला भर दें जैसे आलू के पराठे बनाने के लिए आलू भरा जाता है।
अब आप पराठे को हल्के हाथ से बेल ले और गर्म तवे पर डाल दें।
इसके बाद आप पराठे को घी लगाकर दोनो साइड से सेक लें, और गोल्डन ब्राउन होने तक सेक लें।
इसी तरह आप सारे पराठे बनाकर सेक लें और फिर अचार, दही या सॉस के साथ गर्मागर्म सर्व करें।