Allu Arjun On Ram Charan Janhvi Kapoor Over Peddi Performance: बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पेद्दी’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है. फिल्म ने रिलीज के बाद शानदार कमाई की है, लेकिन इसके कुछ दृश्यों को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है. इसी बीच ‘पुष्पा’ स्टार अल्लू अर्जुन ने फिल्म देखने के बाद अपना रिव्यू शेयर किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है.
अल्लू अर्जुन ने शेयर किया पोस्ट
अल्लू अर्जुन ने अपने एक्स अकाउंट पर फिल्म की जमकर तारीफ की. उन्होंने खास तौर पर राम चरण के अभिनय की सराहना करते हुए लिखा कि उन्होंने ‘पेद्दी’ में बेहद दमदार और रॉ परफॉर्मेंस दी है. अभिनेता ने राम चरण के बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन, डांस और स्क्रीन प्रेजेंस की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने दोस्त और भाई राम चरण पर गर्व है और वह फिल्म में हर तारीफ के हकदार हैं.
अल्लू अर्जुन ने राम चरण के लिए कही ये बात
अल्लू अर्जुन ने सिर्फ राम चरण ही नहीं, बल्कि पूरी स्टारकास्ट और फिल्म की टीम की भी तारीफ की. उन्होंने फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले Jagapathi Babu समेत सभी कलाकारों के काम को सराहा. वहीं, फिल्म को लेकर चल रहे विवाद के बीच उन्होंने एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर को भी अपना प्यार और शुभकामनाएं भेजीं.
पोस्ट में डायरेक्टर के लिए बोले अल्लू अर्जुन
अपने पोस्ट में अल्लू अर्जुन ने निर्देशक बुची बाबू सना की भी खुलकर प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि निर्देशक ने फिल्म में हर कलाकार का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्शकों के सामने पेश किया और राम चरण को एक नए स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
फिल्म के कुछ सीन्स पर हो रहा बवाल
हालांकि, फिल्म की सफलता के साथ विवाद भी जुड़ा हुआ है. दर्शकों और सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग ने फिल्म में जाह्नवी कपूर के कुछ सीन्स पर आपत्ति जताई है. आरोप है कि उनके किरदार को जरूरत से ज्यादा ग्लैमरस और ऑब्जेक्टिफाई करने वाले अंदाज में पेश किया गया. बढ़ती आलोचनाओं के बाद निर्देशक बुची बाबू सना ने माफी मांगते हुए कहा कि फिल्म के कुछ आपत्तिजनक दृश्यों में बदलाव किया जाएगा.
‘पेद्दी’ का बॉक्स ऑफिस पर चल रहा भौकाल
विवादों के बावजूद ‘पेद्दी’ का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन शानदार रहा है. फिल्म दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. खासतौर पर तेलुगु बाजार में इसे जबरदस्त रिएक्शन मिल रहे हैं, जबकि हिंदी, तमिल और कन्नड़ संस्करणों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत धीमा रहा. ऐसे में अल्लू अर्जुन की तारीफ ने फिल्म की चर्चा को और तेज कर दिया है.