Monday, 16 February, 2026

---विज्ञापन---

हर हिट पर छाए Arijit Singh ने क्यों छोड़ी प्लेबैक सिंगिंग? खुद सिंगर ने बताई परेशान करने वाली ये वजह

'तुम ही हो' से लेकर 'केसरिया' तक, अपनी आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले अरिजीत सिंह ने एक ऐसी घोषणा की है, जिसे सुनकर उनके फैंस यकीन नहीं कर पा रहे हैं. अरिजीत ने फिल्म इंडस्ट्री में प्लेबैक सिंगर के तौर पर नए प्रोजेक्ट्स न लेने का फैसला किया है. सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने इस सफर को विराम देने की बात कही. हालांकि, संगीत प्रेमियों के लिए राहत की बात यह है कि वे संगीत से पूरी तरह दूर नहीं हो रहे हैं. आइए जानते हैं आखिर किन कारणों ने अरिजीत को यह कदम उठाने पर मजबूर किया...

अरिजीत सिंह ने क्यों कहा प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा?- अरिजीत सिंह ने खुद खुलासा किया है कि उनके इस फैसले के पीछे कोई एक नहीं, बल्कि कई कारण हैं. सबसे बड़ी वजह उन्होंने 'बोरियत' को बताया है. अरिजीत का कहना है कि वे एक ही तरह के काम से बहुत जल्दी ऊब जाते हैं. यही कारण है कि वे लाइव कॉन्सर्ट में भी अपने गानों को अलग-अलग अंदाज में पेश करते हैं. उन्हें लगता है कि अब उन्हें अपनी कला को जिंदा रखने के लिए कुछ अलग और नया संगीत रचने की जरूरत है.

नए असाइनमेंट लेने से किया इनकार- संन्यास का ऐलान करने के साथ ही अरिजीत सिंह ने एक्स पर लिखा, "हैलो, सभी को हैप्पी न्यू ईयर. मैं आप सभी को इतने सालों से मिले प्यार के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. आप सबने मुझे सुनने वाले के रूप में इतना प्यार दिया. मैं खुशी से ऐलान करता हूं कि अब मैं प्लेबैक वोकलिस्ट के रूप में कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा. मैं इसे खत्म कर रहा हूं. ये एक शानदार सफर रहा."

म्यूजिक बनाना नहीं छोड़ रहे अरिजीत- उन्होंने आगे लिखा, "भगवान ने मुझ पर बहुत मेहरबानी की है. मैं अच्छे म्यूजिक का फैन हूं और भविष्य में और ज्यादा सीखूंगा और खुद एक छोटे-से कलाकार के रूप में और ज्यादा करूंगा. फिर से सभी का सपोर्ट देने के लिए धन्यवाद. अभी कुछ पेंडिंग कमिटमेंट्स पूरे करने हैं, उन्हें खत्म करूंगा. तो इस साल कुछ रिलीजेज आपको मिल सकती हैं. साफ कर दूं कि मैं म्यूजिक बनाना नहीं छोड़ रहा हूं."

आखिरी गाना- इसी के साथ सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का गाना 'मातृभूमि' अरिजीत सिंह का गाया गया आखिरी गाना बन गया है. उनके भविष्य के प्रोजेक्ट्स की जानकारी अभी पब्लिक नहीं की गई है. वे लाइव शो और कॉन्सर्ट में परफॉरमेंस जारी रखेंगे. साथ ही इंडिपेंडेंट म्यूजिक प्रोडक्शन भी करेंगे.

क्या अब कभी सुनाई नहीं देगी अरिजीत की आवाज?- फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि अरिजीत ने गाना पूरी तरह नहीं छोड़ा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे केवल फिल्मों के लिए 'प्लेबैक सिंगिंग' के नए असाइनमेंट नहीं लेंगे. उनके जो काम पहले से पाइपलाइन में हैं, उन्हें वे पूरा करेंगे. साथ ही, वे अपने खुद के म्यूजिक एल्बम और स्वतंत्र गीतों के जरिए अपने श्रोताओं से जुड़े रहेंगे. उनके मुताबिक सफर खत्म नहीं हुआ है, बस उसका स्वरूप बदल रहा है.

First published on: Jan 28, 2026 11:30 AM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.