---विज्ञापन---
‘The 50’ तो ठीक, लेकिन अमिताभ बच्चन का शो भी निकला विदेशी कॉपी; फिर भी भारतीयों के दिलों पर राज करते हैं ये Reality Show

भारतीय टीवी जगत में रियलिटी शोज का एक अलग ही क्रेज है. 'बिग बॉस' से लेकर 'केबीसी' तक, इन शोज ने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके पसंदीदा ये सुपरहिट शोज असल में भारतीय आइडिया नहीं हैं? टेलीविजन के इतिहास में तहलका मचाने वाले ज्यादातर शोज विदेशी कॉन्सेप्ट की हुबहू नकल हैं. आगामी शो 'द 50' से लेकर सलमान खान के 'बिग बॉस' तक आइए जानते हैं इन शोज के विदेशी कनेक्शन की दिलचस्प कहानी...

द 50 (The 50)- जल्द ही छोटे पर्दे पर दस्तक देने वाला शो 'द 50' इन दिनों काफी चर्चा में है. इस शो में 50 कंटेस्टेंट्स एक 'ग्रैंड पैलेस' में बिना किसी तय नियम के एक-दूसरे का सामना करेंगे. लेकिन यह कोई नया कॉन्सेप्ट नहीं है. यह शो फ्रेंच रियलिटी सीरीज 'लेस सिनक्वांटे' (Les Cinquante) का आधिकारिक रीमेक है, जिसमें धोखे और स्ट्रेटजी का जबरदस्त खेल देखने को मिलता है.

बिग बॉस (Bigg Boss)- टीवी का सबसे विवादित और लोकप्रिय शो 'बिग बॉस' असल में नीदरलैंड के रियलिटी शो 'बिग ब्रदर' (Big Brother) पर आधारित है. भारत में इसकी शुरुआत साल 2006 में हुई थी और अब तक इसके कई सीजन सुपरहिट हो चुके हैं. घर में कैद होना, टास्क करना और कैमरे की नजर में रहना, यह पूरा फॉर्मेट पूरी तरह से विदेशी है, जिसे भारतीय दर्शकों के स्वाद के अनुसार मसाला डालकर पेश किया गया है.

कौन बनेगा करोड़पति (KBC)- अमिताभ बच्चन की दमदार आवाज और 'लॉक कर दिया जाए' वाला अंदाज घर-घर में मशहूर है. लेकिन 'केबीसी' का ओरिजिनल वर्जन ब्रिटिश टीवी शो 'हू वांट्स टू बी अ मिलियनेयर?' (Who Wants to Be a Millionaire?) है. साल 2000 में शुरू हुए इस शो ने भारत में क्विज शोज की परिभाषा बदल दी. आज भी यह शो ज्ञान और मनोरंजन का सबसे बेहतरीन मिश्रण माना जाता है.

खतरों के खिलाड़ी (Khatron Ke Khiladi)- रोहित शेट्टी का स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि यह शो अमेरिकी शो 'फियर फैक्टर' (Fear Factor) की नकल है. भारत में पहले इसे 'फियर फैक्टर इंडिया' के नाम से ही लॉन्च किया गया था, जिसका नाम बाद में बदलकर 'खतरों के खिलाड़ी' कर दिया गया.

इंडियाज गॉट टैलेंट (India's Got Talent)- मलाइका अरोड़ा और शिल्पा शेट्टी जैसे सितारों द्वारा जज किया जाने वाला 'इंडियाज गॉट टैलेंट' भी विदेशी मूल का है. यह शो 'गॉट टैलेंट' फ्रेंचाइजी का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत सबसे पहले ब्रिटेन में हुई थी. अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और दुनिया के कई देशों में यह शो पहले से ही इसी फॉर्मेट में चल रहा था, जिसे बाद में भारतीय दर्शकों के लिए लाया गया.

शार्क टैंक इंडिया (Shark Tank India)- भारत में छाए रहने वाला रियलिटी शो 'शार्क टैंक इंडिया' भी विदेशी कॉपी है. इसे अमेरिकन टीवी रियलिटी सीरीज 'शार्क टैंक' से लिया गया है. इस शो में लोग अपने बिजनेस आइडिया या स्टार्टअप के बारे में बताते हैं.