---विज्ञापन---
ग्लोबल स्टार से हो गई बड़ी चूक! जसप्रीत बुमराह से राम चरण ने क्यों मांगी माफी? ट्रोलर्स बोले- ‘पहले क्रिकेट तो देख लो..’
साउथ सुपरस्टार राम चरण इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म पेड्डी की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं. फिल्म में उनके साथ जाह्नवी कपूर भी नजर आने वाली हैं. वहीं, हाल ही में पेड्डी का म्यूजिक लॉन्च रखा गया था और इस इवेंट के दौरान राम चरण ने एक ऐसी गलती कर दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार ट्रोल किया जा रहा है. हालांकि इसके बाद एक्टर ने माफी भी मांगी है. तो चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
रैपिड फायर राउंड में भारी गलती कर बैठे राम चरण
दरअसल, राम चरण की आने वाली फिल्म पेड्डी का शनिवार 23 मई को म्यूजिक लॉन्च इवेंट रखा गया था. इस इवेंट में जाह्नवी कपूर, एआर रहमान और फिल्म के कास्ट-क्रू मेंबर भी शामिल हुए थे. इवेंट में राम चरण से देश के तमाम बेहतरीन क्रिकेटर्स के बारे में पूछा गया कि वह उनके बारे में क्या सोचते हैं, जिसपर एक्टर को एक शब्द में जवाब देना था. लेकिन इस रैपिड फायर राउंड के दौरान उन्होंने अपने जवाब में एक बहुत बड़ी गलती कर दी. जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.
राम चरण ने जसप्रीत को कहा फुटबॉलर, तो उड़ा मजाक
राम चरण से जब सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और एमएस धोनी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बेहद शानदार जवाब दिया और सभी क्रिकेटर्स की तारीफ की. लेकिन इस बीच जब उनसे भारतीय क्रिकेटर जसप्रीत बुमराह के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जसप्रीत को गलती से फुटबॉलर समझ लिया और उन्होंने कहा, "जसप्रीत बुमराह जी, मैं आपका सबसे बड़ा फैन हूं. मुझे फुटबॉल पसंद है और फुटबॉल को इतना आगे बढ़ा रहे हो. लव यू सर. उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और फैंस के कमेंट्स भी इसपर लगातार देखने को मिले. कुछ लोगों ने राम चरण का मजाक बनाया, तो कुछ ने इसपर नाराजगी भी जाहिर की. एक यूजर ने तो ये तक कह दिया कि पहले क्रिकेट तो देख लो.
राम चरण ने जसप्रीत से मांगी माफी
वहीं, जैसे ही राम चरण को अपनी गलती का एहसास हुआ, वैसे ही उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर माफी मांगी. उन्होंने 24 मई की देर रात को माफी मांगते हुए लिखा, "'उफ्फ... मैं कभी-कभी नाम भूलने में सचमुच बहुत लापरवाह हो जाता हूं. जसप्रीत बुमराह जी इस गड़बड़ी के लिए माफी चाहता हूं. भीड़ और उत्साह के बीच यह एक वास्तविक इंसानी भूल थी. मैं आपका बहुत सम्मान करता हूं और आपके खेल का बहुत बड़ा फैन हूं. जब आप लगातार बल्लेबाजों को बैकफुट पर धकेलते हैं, तो आप हर भारतीय को गर्व का अनुभव कराते हैं.'
राम चरण अक्सर भूल जाते हैं नाम
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब राम चरण किसी का नाम भूले हैं. वह भोपाल में इवेंट के दौरान लगातार मध्यप्रदेश के दर्शकों को बिहार के लोग कह कर बुला रहे थे. उन्होंने कहा था, " बिहार के लोगों, मेरे साथ हो आप? इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.
इस दिन रिलीज होगी पेड्डी
बता दें कि राम चरण की पेड्डी सिनेमाघरों में 4 जून को रिलीज होगी. फिल्म का डायरेक्शन बुची बाबू सना ने किया है. फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर के अलावा शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु नजर आए हैं.