---विज्ञापन---
जब प्यार को कहा जाता था पाप! तब समाज का नजरिया बदलने के लिए राज कपूर ने बनाई एक ऐसी फिल्म, जिसने तोड़े कई रिकॉर्ड्स

राज कपूर बॉलीवुड एक बेहतरीन एक्टर और डायरेक्टर हुआ करते थे. उन्होंने अपने दौर में तमाम शानदार फिल्में बनाई है. वहीं आज हम उनकी एक ऐसी फिल्म के बारे में बात करने जा रहे हैं, जो कि उन्होंने तब बनाई थी जब प्यार मोहब्बत जैसी चीजों को बेकार और पाप माना जाता था. इस फिल्म के जरिए उन्होंने एक ऐसी सोच को सुधारने की कोशिश की थी. तो चलिए जानते हैं.

दरअसल, हम बात कर रहे हैं साल 1982 में आई फिल्म प्रेम रोग की. जिसका डायरेक्शन और निर्माण खुद राज कपूर ने किया था.प्रेम रोग फिल्म में ऋषि कपूर, पद्मिनी कोल्हापुरी, शम्मी कपूर, रजा मुराद, कुलभूषण खरबंदा जैसे तमाम कलाकार नजर आए थे.

फिल्म की कहानी को लेकर बात करें तो यह मूवी एक ऐसे मुद्दे पर बनी है, जो कि उस दौरान समाज के लिए बड़ी बात थी. दरअसल, यह फिल्म प्यार, और विधवा विवाह पर बनाई गई है.

फिल्म में दिखाया जाता है कि किस तरह से देवधर (ऋषि) हमेशा मनोरमा (पद्मिनी)से प्यार करता है, लेकिन वो एक ठाकुर परिवार से होती है जिसके कारण वह कभी भी अपने प्यार का इजहार नहीं कर पाता और इस बीच मनोरमा की शादी कुंवर नरेंद्र प्रताप से कर दी जाती है. हालांकि शादी के अगले दिन ही नरेंद्र की मौत हो जाती है. इसके बाद कहानी में एक अलग मोड़ आता है.

प्रेम रोग में दिखाया जाता है कि किस तरह से मनोरमा विधवा होने के बाद सफेद साड़ी पहनती है, सादा खाना खाती है. यहां तक कि वह हर एक चीज खुद करती है. लेकिन यह सब चीजें देवधर को न गवार थी. धीरे-धीरे जब देवधर मनोरमा की मुस्कान फिर से वापस लाता है, तो दोनों एक दूसरे से प्यार कर बैठते हैं. हालांकि जब इस बारे में गांव के लोगों को पता चलता है तो वो इस प्यार का विरोध करते हैं और कहते हैं कि एक विधवा की शादी नहीं होती है. हालांकि आखिर में समाज से लड़कर देवधर मनोरमा को अपना बना लेता है और दोनों की शादी हो जाती है.

प्रेम रोग के गाने ये गलियां ये चौबारा, मेरी किस्मत में तू नहीं शायद, भंवरे ने, मोहब्बत है क्या चीज, मैं हूं प्रेम, ये प्यार था या कुछ और जैसे गाने खूब पसंद किए. इस फिल्म के गानों ने लोगों के दिलों में एक अलग जगह बना ली.

फिल्म प्रेम रोल बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही थी. 20 से 30 लाख रुपये में बनी इस मूवी ने रिपोर्ट्स के मुताबिक 17 करोड़ का कलेक्शन किया था. यह 1982 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई थी.

3 घंटे 3 मिनट की यह फिल्म खूबसूरत गानों और बेहतरीन कहानी से भरी है. इस फिल्म को आईएमडीबी पर 7.2 की रेटिंग मिली है. इस फिल्म को आप ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर मुफ्त में देख सकते हैं.