---विज्ञापन---
Netflix पर इस साल रिलीज होंगी क्राइम-थ्रिलर और सस्पेंस से भरी ये धमाकेदार फिल्में, तहलका मचाने को तैयार ये सुपरस्टार्स

नेटफ्लिक्स इंडिया ने साल 2026 के लिए अपनी 21+ नई फिल्मों और वेब सीरीज की लिस्ट जारी की है. इसमें सनी देओल, अक्षय खन्ना, सैफ अली खान और मनोज बाजपेयी जैसे दिग्गजों की वापसी हो रही है. 'इक्का' से लेकर 'घूसखोर पंडित' तक, यह साल मनोरंजन के लिहाज से ऐतिहासिक होने वाला है.

इक्का (Ikka)- सनी देओल और अक्षय खन्ना की यह फिल्म इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है. 'बॉर्डर' (1997) के करीब 29 साल बाद यह जोड़ी स्क्रीन पर वापसी कर रही है. सनी देओल एक ईमानदार वकील के 'दामिनी' वाले अवतार में दिखेंगे, जबकि अक्षय खन्ना एक अपराधी (मर्डरर) के चुनौतीपूर्ण किरदार में हैं. फिल्म में संजीदा शेख, तिलोत्तमा शोम और दिया मिर्जा भी हैं.

फैमिली बिजनेस (Family Business)- हंसल मेहता द्वारा निर्देशित इस सीरीज में सत्ता और लालच की लड़ाई दिखाई जाएगी. यह एक बाप-बेटे (अनिल कपूर और विजय वर्मा) की कहानी है, जहां बिजनेस और विरासत के चक्कर में परिवार ही एक-दूसरे का दुश्मन बन जाता है. फिल्म में अनिल कपूर, विजय वर्मा के साथ रिया चक्रवर्ती भी हैं, जो लंबे समय बाद से वापसी कर रही हैं.

कर्तव्य (Kartavya)- रेड चिलीज एंटरटेनमेंट (शाहरुख खान) के बैनर तले बनी इस फिल्म में सैफ अली खान एक पुलिस ऑफिसर के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में मशहूर पत्रकार सौरभ द्विवेदी एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं, जिन्होंने हाल ही में द लल्लनटॉप छोड़कर इंडियन एक्सप्रेस जॉइन किया है. फिल्म में सैफ अली खान के साथ ही रसिका दुग्गल और संजय मिश्रा भी हैं.

मुसाफिर कैफे (Musafir Cafe)- प्रसिद्ध लेखक दिव्य प्रकाश दुबे की इसी नाम की लोकप्रिय किताब पर आधारित यह एक रोमांटिक ड्रामा है. बता दें कि यह फिल्म 'दूसरे मौकों' और प्यार की तलाश की कहानी है, जो दो अलग-अलग टाइमलाइन्स में चलती है. इसमें विक्रांत मैसी (को-प्रोड्यूसर भी हैं), महिमा मकवाना और वेदिका पिंटो हैं.

हम हिंदुस्तानी (Hum Hindustani)- यह फिल्म भारत के गौरवशाली इतिहास के एक महत्वपूर्ण पन्ने को पलटेगी. इस फिल्म में देश के पहले आम चुनाव (First General Election) की कहानी और राजनीतिक साजिशों को दिखाया गया है. इसमें सैफ अली खान, प्रतीक गांधी, मिमी चक्रवर्ती और दीपक डोब्रियाल हैं.