Thursday, 19 February, 2026

---विज्ञापन---

फायरिंग केस में KRK को राहत! 25 हजार के मुचलके पर मिली जमानत

एक्टर और फिल्म क्रिटिक्स कमाल आर खान जो कि KRK के नाम से जाने जाते हैं. उन्हें हाल ही में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था.ओशिवारा इलाके में हुई फायरिंग की घटना के बाद उन्हें अरेस्ट किया गया था. लेकिन अब उन्हें इस मामले में जमानत दे दी गई है.

दरअसल, केआरके को 25000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी गई है. केआरके को बीते दिनों मुंबई के ओशिवारा इलाके में हुई फायरिंग की घटना के मामले में गिरफ्तार किया था और पूछताछ के बाद उन्होंने खुद बताया कि फायरिंग उनकी लाइसेंसी बंदूक से की गई थी. हालांकि एक्टर की वकील सना रईस ने उनकी गिरफ्तार को लेकर पुलिस पर सवाल उठाए थे.

हालांकि केआरके की वकील सना रईस ने इस पूरे मामले को गैर कानूनी करार दिया था. उन्होंने गिरफ्तारी की पूरी प्रोसेस को गलत ठहराया है. सना ने अपनी दलील पेश करते हुए कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 35(3) के मुताबिक गिरफ्तारी से नोटिस देना अनिवार्य होता है, लेकिन पुलिस ने वो कभी भी नहीं दिया. साथ ही संविधान के अनुच्छेद 22(1) और धारा 47 के उल्लंघन का भी मुद्दा सना ने उठाया. जिसके तहत किसी भी व्यक्ति को उसकी गिरफ्तारी का कारण लिखित या मौखिक तौर पर बताया जाना चाहिए.

उन्होंने इस दौरान ये भी आरोप लगाया कि बंदूक की छह गोलियां गायब हैं और यह एक प्रशासनिक गलती हो सकती है. इस तरह के मामले में लाइसेंस देने वाली अथॉरिटी कार्रवाई कर सकती है. इसके लिए आपराधिक कोर्ट में केस नहीं बनता है. साथ ही केआरके का बचाव करते हुए सना ने ये भी कहा कि एक्टर पर जो आरोप है कि उन्होंने किसी व्यक्ति या इमारत को निशाना बनाकर गोली चलाई और बाद में एक व्यक्ति ने कहा कि उसने अपने घर पर फायरिंग की आवाज सुनी, लेकिन रिमांड रिपोर्ट में उस शख्स का नाम दर्ज नहीं है.

जैसा कि किसी भी पिस्तौल की रेंज 20 से 30 मीटर तक होती है और केआरके के बंगले और उस इमारत के बीच की दूरी 1500 मीटर है. ऐसे में वहां तक गोली का पहुंचना नामुमकिन है.

बता दें कि मुंबई पुलिस ने मामले में बताया कि उन्हें फायरिंग की सूचना मिली थी. जिसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखा और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की थी. इसके बाद केआरके को गिरफ्तार किया और फिर उन्हें अदालत में पेश किया गया था, जहां उन्हें दो हफ्ते की न्यायिक हिरासत में भेजा गया. हालांकि अब उन्हें इस मामले में रिहा कर दिया गया है.

कमाल आर खान को लेकर बात करें तो वह खुद को फिल्म क्रिटिक बताते हैं और हमेशा ही फिल्मों के बारे में सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते रहते हैं. अक्सर ही वे फिल्मों की आलोचना करते दिखते हैं. कई बार वो अपने बयानों को लेकर भी खबरों में बने रहते हैं. वह कई बार बड़े एक्टर्स पर अपने कमेंट्स को लेकर भी चर्चा में छाए रहते हैं. बता दें कि वह 2008 में आई फिल्म देशद्रोही में नजर आ चुके हैं. इसके बाद वह 2014 की फिल्म एक विलेन में भी दिखे थे.

First published on: Jan 31, 2026 12:18 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.