---विज्ञापन---
रेखा से लेकर हेमा मालिनी को टक्कर देती थी नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी ये एक्ट्रेस, बेटे के डेब्यू से तीन दिन पहले दुनिया को कहा अलविदा
हेमा मालिनी, रेखा, जया बच्चन अपने दशक की बेहतरीन अदाकाराओं में से एक थीं. उन्होंने अपने दौर में तमाम हिट फिल्में की हैं और नाम कमाया है. हालांकि आज हम एक ऐसी एक्ट्रेस को लेकर बात करने जा रहे हैं जो किसी से कम नहीं थी. वह न सिर्फ अपनी एक्टिंग बल्कि अपनी खूबसूरती के लिए भी जानी जाती थी. इस एक्ट्रेस ने तमाम बेहतरीन फिल्मों में काम किया है. हालांकि उनकी अपने बेटे के डेब्यू से ठीक तीन दिन पहले मौत हो गई थी. तो चलिए जानते हैं उनके बारे में.
नरगिस दत्त
दरअसल, हम बात कर रहे हैं एक्ट्रेस नरगिस की. जो 1929 में रावलपिंडी में जन्मी और उनके पिता एक संगीतकार थे. उन्होंने बेहद कम उम्र में ही सिनेमा में काम करना शुरू कर दिया था और 20 साल की उम्र में ही अपना नाम बना लिया था. वह एक फीमेल सुपरस्टार कही जाती थी.
नरगिस ने अपने करियर की शुरुआत तलाश ए हक से की थी. इसमें उन्होंने एक माइनर का रोल किया था. इसके बाद वह बतौर लीड एक्ट्रेस 1943 की मूवी तकदीर में नजर आईं. इसके बाद वह अंदाज, आवारा, बरसात, श्री 420, चोरी चोरी, मदर इंडिया, रात और दिन, जैसी तमाम फिल्मों में नजर आईं और उनके करियर की ज्यादातर मूवीज सुपरहिट रही. इतना ही नहीं उन्होंने रात और दिन फिल्म के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.
राज कपूर संग सालों चला नरगिस का अफेयर
इतना ही नहीं उन्होंने राज कपूर के साथ कई फिल्मों में काम किया और इस बीच उनकी नजदीकियां भी बड़ी. दोनों पहली बार फिल्म अंदाज के सेट पर मिले थे. दोनों का रिश्ता करीब 9 साल तक चला था. हालांकि राज कपूर पहले से शादीशुदा और बच्चों के पिता थे. लेकिन वह अपने परिवार से अलग नहीं हो सकते थे और लंबे इंतजार के बाद दोनों का रिश्ता टूट गया और अलग हो गए.
ऐसे करीब आए सुनील दत्त और नरगिस
इस बीच एक्ट्रेस ने फिल्म मदर इंडिया में काम किया. इसी दौरान उनकी मुलाकात एक्टर सुनील दत्त से हुई थी. दोनों की एक हादसे ने नजदीकियां बढ़ा दी. दरअसल, हुआ कुछ ऐसा कि एक सीन के दौरान नरगिस आग में फंस गई थी और सुनील ने बिना सोचे उन्हें आग में कूदकर बचाया. जिसके बाद वह करीब आ गए.
नरगिस ने कर ली थी सुनील दत्त से शादी
कपल ने उसके बाद 11 मार्च 1958 में आर्य समाज रीति रिवाजों से शादी की. हालांकि लंबे वक्त तक उन्होंने अपनी शादी के बारे में किसी को नहीं बताया था. लेकिन मदर इंडिया की रिलीज के बाद उनके रिश्ते के बारे में सभी को पता चल गया. वहीं, कपल के तीन बच्चे हैं, जिसमें से एक प्रिया दत्त है और दूसरी नम्रता दत्त.
संजय दत्त के डेब्यू से तीन दिन पहले हो गया था नरगिस का निधन
बता दें कि एक्ट्रेस को 1980 के दशक में पैंक्रियाटिक कैंसर हो गया था. कैंसर का उनका लगातार इलाज चला. हालांकि 1981 में संजय दत्त के डेब्यू से ठीक पहले उनकी हालत बिगड़ गई थी. एक्ट्रेस को 2 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया और वो तब कोमा में चली गई. इसके बाद 3 मई को को उनकी निधन हो गया था और ठीक 3 दिन बाद संजय दत्त की फिल्म रॉकी रिलीज हुई थी.