Tuesday, 9 June, 2026

---विज्ञापन---

Back

ऑडिशन दिए बिना ही स्टार बने ‘पंचायत’ एक्टर रघुबीर यादव, बस रखी जाती थी ये शर्त

---विज्ञापन---

वेब सीरीज 'पंचायत' में प्रधान जी यानी ब्रज भूषण दुबे का किरदार निभाकर घर-घर में पॉपुलर हुए अभिनेता रघुबीर यादव एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई नई फिल्म या सीरीज नहीं, बल्कि उनके करियर से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा है. 68 साल के इस दिग्गज अभिनेता ने बताया है कि उन्होंने अपने पूरे करियर में कभी भी किसी रोल के लिए ऑडिशन नहीं दिया.

क्या बोले रघुबीर यादव ?

हाल ही में एबीपी न्यूज को दिए अपने एक इंटरव्यू में रघुबीर यादव ने इस बारे में खुलकर बात की. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें ऑडिशन देना पसंद नहीं है, तो उन्होंने साफ कहा, 'मैंने आज तक ऑडिशन नहीं दिया.' जब उनसे कहा गया कि आजकल तो बड़े-बड़े सितारे भी ऑडिशन देते हैं, तो उन्होंने अपने अंदाज में जवाब दिया, 'देने दीजिए ना. मुझे अच्छा नहीं लगता, जो ऑडिशन ले रहा है, पहले वो अपना ऑडिशन तो दे. क्या वो उस लायक है?' अभिनेता का यह जवाब सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रहा है.

---Advertisement---

क्यों नहीं दिया कभी ऑडिशन?

रघुबीर यादव ने आगे बताया कि उनके लिए काम का सबसे बड़ा पैमाना उनका पुराना काम है. उनका मानना है कि अगर किसी निर्देशक या निर्माता को उनका काम पसंद है तो उन्हें सीधे रोल ऑफर करना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर किसी को लगता है कि वह किरदार के लिए सही हैं तो उन्हें कास्ट कर लें, नहीं तो मना कर दें, लेकिन वह ऑडिशन देने में विश्वास नहीं रखते.

बस एक बार दिए ऑडिशन की बताई कहानी

हालांकि, अभिनेता ने यह भी बताया कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) में दाखिले के दौरान जो इंटरव्यू हुआ था, उसे एक तरह से ऑडिशन कहा जा सकता है. उसके बाद उन्होंने कभी किसी प्रोजेक्ट के लिए ऑडिशन नहीं दिया.

---Advertisement---

कहां के रहने वाले हैं रघुबीर यादव

रघुबीर यादव का जन्म मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुआ था. बचपन से ही अभिनय में रुचि रखने वाले रघुबीर ने थिएटर से अपने सफर की शुरुआत की और बाद में फिल्मों और टीवी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई. टीवी शो 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने' ने उन्हें जबरदस्त पॉपुलैरिटी दिलाई, जबकि 'लगान' , 'स्वदेस' और कई अन्य फिल्मों में उनके अभिनय को खूब सराहा गया.

इस सीरीज से मिली जबरदस्त पॉपुलैरिटी

आज की यंग पीढ़ी उन्हें 'पंचायत' के प्रधान जी के रूप में सबसे ज्यादा पसंद करती है. साल 2020 में शुरू हुई इस सीरीज के अब तक चार सीजन आ चुके हैं और दर्शक इसके अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. रघुबीर यादव का यह बेबाक अंदाज एक बार फिर साबित करता है कि वह सिर्फ शानदार अभिनेता ही नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर काम करने वाले कलाकार भी हैं.

---Advertisement---
First published on: Jun 09, 2026 02:20 PM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.

Sponsored Links by Taboola