---विज्ञापन---
पैदा होते ही की इंदिरा गांधी से मुलाकात, तो दादा के नाम पर रोड, कौन है वो अदाकारा जिसको ममता कुलकर्णी ने दिखाई औकात
बॉलीवुड की एक ऐसी हसीना जिसने अपनी पहली ही फिल्म से तहलका मचा दिया था, जिसने अपनी दूसरी फिल्म से पाकिस्तान तक में भूचाल ला दिया था, जिसके करियर ने आसमान की बुलंदियों को तो छुआ ही, साथ ही उनकी पर्सनल लाइफ भी खूब सुर्खियों में रही, और वो बेहद संपन्न परिवार से ताल्लुक रखतीं हैं, उनके दादा जी के नाम पर रोड है, तो दुनिया में आते ही इनकी मुलाकात तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से हुई थी, क्या आपने पहचाना?
कौन हैं वो एक्ट्रेस?
हम जिस खूबसूरत बला की बात कर रहे हैं, वो अमीषा पटेल हैं, जो आज भले ही बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस हों, लेकिन उनकी जिंदगी की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है. 9 जून को अपना 51वां बर्थडे मना रहीं अमीषा का जन्म एक बेहद प्रभावशाली परिवार में हुआ था. उनके दादाजी बैरिस्टर रजनी पटेल कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के करीबी माने जाते थे. कहा जाता है कि अमीषा के जन्म के बाद उन्हें देखने अस्पताल पहुंचने वाली पहली शख्स खुद इंदिरा गांधी थीं.
कहां से हुई एक्ट्रेस की पढ़ाई?
बचपन से ही पढ़ाई में तेज अमीषा ने अमेरिका की टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से बायो-जेनेटिक इंजीनियरिंग और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की थी. उनका सपना फिल्मों में आने का नहीं था, लेकिन किस्मत उन्हें बॉलीवुड तक खींच लाई. दरअसल, एक फैमिली इवेंट में डायरेक्टर राकेश रोशन की नजर उन पर पड़ी थी. बाद में करीना कपूर के फिल्म छोड़ने के बाद अमीषा को ऋतिक रोशन के साथ फिल्म 'कहो ना प्यार है' ऑफर हुई. साल 2000 में रिलीज हुई यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और अमीषा रातोंरात स्टार बन गईं.
एक्ट्रेस की दूसरी फिल्म
पहली ही फिल्म की सफलता के बाद उन्होंने 'गदर: एक प्रेम कथा' में सकीना का किरदार निभाया. इस रोल को करने से पहले कई लोगों ने उन्हें सलाह दी थी कि करियर की शुरुआत में मां का किरदार नहीं निभाना चाहिए, लेकिन अमीषा अपने फैसले पर अड़ी रहीं. नतीजा यह रहा कि 'गदर' भी सुपरहिट रही और वह इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल हो गईं.
क्यों परिवार के खिलाफ गईं एक्ट्रेस?
हालांकि करियर के दौरान उन्हें कई उतार-चढ़ाव भी देखने पड़े. उनका नाम डायरेक्टर विक्रम भट्ट के साथ जुड़ा, परिवार से विवाद हुए और उन्होंने अपने पिता के खिलाफ कानूनी नोटिस तक भेज दिया था. कई फिल्में फ्लॉप रहीं, लेकिन अमीषा ने हार नहीं मानी.
ममता कुलकर्णी से था विवाद
उनकी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी से भी जुड़ा है. मॉडलिंग के दिनों में मॉरीशस में एक ऐड शूट के दौरान दोनों के बीच बहस हो गई थी. अमीषा के मुताबिक, ममता ने अपनी स्टारडम का हवाला देते हुए उनकी औकात तक पूछ ली थी. यह विवाद उस समय काफी चर्चा में रहा था. हालांकि, बाद में ममता कुलकर्णी ने कहा था कि उनकी बहस सीधे अमीषा से नहीं, बल्कि उनकी टीम से हुई थी.
फैंस के दिलों पर राज करती हैं एक्ट्रेस
बहरहाल, कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों के मौके गंवाने और निजी जिंदगी के विवादों के बावजूद अमीषा पटेल आज भी बॉलीवुड का चर्चित नाम हैं. 'कहो ना प्यार है' से लेकर 'गदर 2' तक उनका सफर इस बात का सबूत है कि संघर्ष और सफलता दोनों ही उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहे हैं.