Sunjay Kapoor Property Row: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर इन दिनों अपने पूर्व पति और दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्ति विवाद को लेकर सुर्खियों में है. संजय कपूर की संपत्ति बंटवारे को लेकर चल रहा ये विवाद थमने का नाम नहीं दे रहा है. दिल्ली हाई कोर्ट में संजय कपूर की संपत्ति बंटवारे का केस चल रहा है. सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने फिर से करिश्मा के बच्चों, समायरा और कियान, की याचिका पर सुनवाई शुरू की. सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर के वकील ने दावा किया कि संजय कपूर की वसीयत में कई गलतियां हैं, जो वसीयत में जालसाजी का इशारा करती हैं. वहीं, करिश्मा कपूर के बच्चों ने संजय कपूर की पत्नी प्रिया सचदेव पर वसीयत के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है.

संजय कपूर की वसीयत में कई गलतियां

दिल्ली हाई कोर्ट में सोमवार को करिश्मा कपूर के बच्चों समायरा (20) और कियान (15) की याचिका पर सुनवाई हुई. इस दौरान करिश्मा कपूर के वकील महेश जेठमलानी ने दावा किया कि करिश्मा के बच्चों को 'विरासत से वंचित' करने के लिए संजय की वसीयत के साथ छेड़खानी की गई है. इसके साथ ही उन्होंने कोर्ट में वसीयत के अंदर की कई गलतियां गिनवाई हैं.

---विज्ञापन---

वसीयत में बेटे का नाम गलत

वकील महेश जेठमलानी ने कोर्ट को संजय की वसीयत में गलती गिनाते हुए बताया कि इस वसीयत में करिश्मा के बेटे की स्पेलिंग गलत लिखी गई है. वहीं, उनकी बेटी का एड्रेस गलत लिखा गया है, जबकि संजय कपूर को इसकी पूरी जानकारी थी. वसीयत में इस तरह की गलतियाँ संजय कपूर के स्वभाव के बिल्कुल उलट हैं. वकील ने आगे सवाल खड़े करते हुए कहा कि संजय कपूर अपनी बेटी का पता गलत कैसे लिख सकते हैं? वसीयत में कई जगह अपने बेटे का नाम गलत कैसे लिख सकते हैं? यह वसीयत दिवंगत संजय कपूर का अपमान करती है, जिसमें इतनी सारी लापरवाही भरी हुई है.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें: क्या अहान पांडे ने अनीत पड्डा के साथ कंफर्म किया अपना रिश्ता? एक्टर के बर्थडे विश में मिले हिंट्स

केस की अगली सुनवाई

वकील ने जोर देकर कहा कि वसीयत में गहने और क्रिप्टो क्रिप्टोकरेंसी समेत अलग-अलग एसेट्स थे, जिसकी जानकारी इस वसीयत में नहीं दी गई है. वकील ने दावा किया कि यह कोई वसीयत नहीं थी जिसे संजय कपूर ने तैयार किया हो, पढ़ा हो या बनाया हो. हालांकि, कोर्ट ने इस केस की सुनवाई को मंगलवार तक के लिए निर्धारित कर दिया है.