टीवी एक्टर शोएब इब्राहिम और उनकी पत्नी दीपिका कक्कड़ हाल ही में कश्मीर ट्रिप से लौटे थे। उनकी वापसी के बाद ही पहलगाम में आतंकी हमला हो गया। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। हमले के बाद शोएब ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस को सुरक्षित होने की जानकारी दी थी। इसी को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल भी किया गया। अब शोएब ने अपने नए व्लॉग में इस हमले पर अपना दर्द और गुस्सा जाहिर किया है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या-क्या बोला है...

व्लॉग में पहलगाम हमले पर की बात

शोएब ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर बात की है। उन्होंने कहा, "दुनिया में कहीं भी आतंकवादी हमला होता है तो इंसानियत सबसे पहले शर्मसार होती है। लेकिन जब हमलावरों के नाम मुस्लिम निकलते हैं तो हमारी शर्मिंदगी दोगुनी हो जाती है। मैं उन लोगों को मुसलमान नहीं मानता, बल्कि इंसान भी नहीं मानता।" शोएब ने कहा कि वह हमले में मारे गए लोगों के लिए बेहद दुखी हैं और इस हरकत के लिए खुद को भी शर्मिंदा महसूस कर रहे हैं।  

सरकार से की खास अपील

शोएब इब्राहिम ने इस वीडियो में सरकार से अपील की है। उन्होंने कहा है कि हमले में शामिल आतंकियों को ऐसी सजा दी जाए कि उनकी रूह तक कांप जाए। उन्होंने कहा, "चाहे आतंकी इस देश के हों या किसी और देश के, उन्हें जिंदा पकड़कर चौराहे पर लटकाया जाए।" शोएब ने साफ कहा कि धर्म कभी गलत नहीं होता, गलत तो इंसान होता है। यह भी पढ़ें:  पैपराजी को देखकर छिपीं अनन्या पांडे, सुहाना खान ने दिए ऐसे रिएक्शन्स, फैंस रह गए दंग

ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

शोएब ने अपने व्लॉग में उन लोगों को भी जवाब दिया जो उन्हें ट्रोल कर रहे थे। कई ट्रोलर्स उन्हें पाकिस्तान चले जाने की बात कह रहे थे। शोएब ने कहा, "क्यों चले जाएं पाकिस्तान? हमारे बाप-दादा ने इस जमीन को चुना था। हम यहीं सजदा करते हैं और यहीं दफन होंगे। कुछ दहशतगर्दों की वजह से पूरी कौम को टारगेट करना गलत है।" पहलगाम हमले के बाद व्लॉग प्रमोशन को लेकर उठे सवालों पर भी शोएब ने सफाई दी है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि घटना के वक्त वह फ्लाइट में थे और उन्हें हमले की जानकारी नहीं थी। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद जब उन्हें लोगों के मैसेज मिले, तब उन्हें पता चला। शोएब ने कहा, "जब मैंने स्टोरी डाली कि हम ठीक हैं और नया व्लॉग जल्द आएगा, तब न्यूज में बस दो-तीन घायल लोगों की खबर थी। मेरा मकसद व्लॉग प्रमोट करना नहीं था।"

शोएब ने उठाए सवाल

शोएब ने अपने व्लॉग में सवाल उठाते हुए कहा कि जब दूसरे व्लॉगर्स रोज वीडियो डाल रहे हैं और फिल्में प्रमोट हो रही हैं तो सिर्फ उन्हें और दीपिका को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है? शोएब ने कहा, "बाकी लोग भी अपनी जिंदगी जी रहे हैं, फिर सिर्फ हमें क्यों निशाना बनाया जा रहा है?" यह भी पढ़ें: Shruti Haasan ने बॉयफ्रेंड को लेकर उठे सवालों का दिया करारा जवाब, कहा- ‘आप समझ नहीं रहे हैं…’