The Odyssey Advance Booking : हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की आने वाली फिल्म The Odyssey को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म की रिलीज में अभी समय है, लेकिन इसकी एडवांस बुकिंग शुरू होते ही टिकटों की बिक्री ने सभी को चौंका दिया है. खास बात यह है कि भारत में कुछ IMAX शो की टिकटें 3300 रुपये तक में बिक रही हैं और इसके बावजूद सीटें मिनटों में भर रही हैं.
एडवांस बुकिंग में नोटों की बारिश
8 जून से भारत में फिल्म के IMAX शोज के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हुई. मुंबई और पुणे जैसे शहरों में प्रीमियम सीटों की कीमत 3000 रुपये तक पहुंच गई, जबकि मुंबई के कुछ लेट नाइट IMAX शोज की टिकटें 3300 रुपये में बेची जा रही हैं. इतनी महंगी कीमत होने के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ और कई शो की सीटें देखते ही देखते सोल्ड आउट हो गईं.
सोशल मीडिया पर यूजर्स के रिएक्शन्स
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी फिल्म को लेकर काफी चर्चा हो रही है. एक यूजर ने लिखा कि भारत में The Odyssey के लिए 3000 रुपये तक की टिकटें बिक रही हैं, जो क्रिस्टोफर नोलन की पॉपुलैरिटी को दिखाता है. वहीं कई फैंस का कहना है कि नोलन की फिल्मों का क्रेज इतना ज्यादा है कि उन्हें प्रमोशन के लिए भारत आने की भी जरूरत नहीं पड़ती. सिर्फ उनका नाम ही दर्शकों को थिएटर तक खींच लाने के लिए काफी है.
फिल्म का टिकट है 3300 रुपये
हालांकि टिकटों की कीमतों को लेकर बहस भी छिड़ गई है. कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि अलग-अलग शहरों और शो के समय के हिसाब से एक ही फिल्म की टिकटों में इतना बड़ा अंतर क्यों है. वहीं कुछ दर्शकों ने यह भी कहा कि फिल्म पूरी तरह IMAX कैमरों से शूट की गई है, लेकिन भारत के अधिकांश थिएटर इसे IMAX 70mm फॉर्मेट में दिखाने के लिए तैयार नहीं हैं, जो नोलन की फिल्मों के अनुभव का अहम हिस्सा माना जाता है.
किस पर आधारित है फिल्म की कहानी?
बता दें कि The Odyssey महान कवि होमर के प्रसिद्ध महाकाव्य पर आधारित है. फिल्म में मैट डेमन ओडिसियस की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि टॉम हॉलैंड उनके बेटे टेलीमैकस के किरदार में नजर आएंगे. ऐनी हैथवे, जेंडाया, रॉबर्ट पैटिनसन, लुपिता न्योंगो, चार्लीज थेरॉन और जॉन बर्नथल जैसे सितारे भी फिल्म का हिस्सा हैं.
कब रिलीज हो रही फिल्म?
क्रिस्टोफर नोलन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. एडवांस बुकिंग के आंकड़े देखकर माना जा रहा है कि रिलीज से पहले ही यह साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल हो चुकी है.