Drishyam 3 Vs Chand Mera Dil Box Office: इस हफ्ते सिनेमाघरों में दो बड़ी फिल्में रिलीज हुई हैं और दोनों के बीच जबरदस्त टक्कर भी देखने को मिल रही है. पहली फिल्म साउथ सुपरस्टार मोहनलाल की दृश्यम 3 है, जो कि सस्पेंस और थ्रिलर से भरी हुई है. वहीं, दूसरी फिल्म अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की रोमांटिक ड्रामा चांद मेरा दिल है, जिसे दर्शकों का मिला जुला रिएक्शन देखने को मिला है. वहीं, शनिवार के दिन दोनों ही फिल्मों ने कितना कमाई की है,चलिए जानते हैं इसके बारे में.
दृश्यम 3 की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत रही शानदार
दरअसल, सस्पेंस थ्रिलर फिल्मों को पसंद करने वालों के लिए दृश्यम फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त सिनेमाघरों में 21 मई को रिलीज हुई. फिल्म की ओपनिंग डे पर शुरुआत काफी शानदार रही थी. इस मूवी ने पहले दिन सिनेमाघरों में 15.85 करोड़ का कारोबार किया था और दूसरे दिन इसकी कमाई में गिरावट आई और शुक्रवार को फिल्म ने 11.05 करोड़ का कलेक्शन किया.
दृश्यम 3 ने तीसरे दिन की इतनी कमाई
हालांकि फिल्म ने तीसरे दिन फिर से बढ़त बनाई और सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक दृश्यम 3 ने शनिवार को 13.70 करोड़ का कलेक्शन किया. फिल्म की ऑक्यूपेंसी शनिवार को 50.2 प्रतिशत रही है. इस दिन इसने कन्नड़ भाषा में 25 लाख, मलयालम में 11.65 करोड़, तमिल में 60 लाख और तेलुगु में 1.20 करोड़ का कलेक्शन किया है. दृश्यम 3 ने तीन दिनों में दुनिया भर में 117.17 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है और भारत में कुल 40.60 करोड़ का कारोबार किया है. वहीं, फिल्म जिस रफ्तार से बॉक्स ऑफिस पर कमाई कर रही है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह जल्द ही अपना बजट निकाल लेगी.
'चांद मेरा दिल' फिल्म ने दो दिन में किया इतना कलेक्शन
दूसरी ओर अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की फिल्म चांद मेरा दिल को लेकर बात करें तो यह एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है. जो कि धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है. यह कॉलेज रोमांस पर बनी कहानी है. फिल्म को दर्शकों का भी मिला जुला रिएक्शन मिला है. इस मूवी ने ओपनिंग डे पर 3 करोड़ का कलेक्शन किया था और ठीक-ठाक शुरुआत के बाद इसने दूसरे दिन सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 3.65 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इस मूवी ने दो दिनों में भारत में कुल 6.65 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है और दुनिया भर में इस मूवी ने 8.69 करोड़ रुपये की कमाई की है.