Box Office Collection: सिनेमाघरों में इस हफ्ते कई फिल्में रिलीज़ हैं, लेकिन कमाई के मामले में ज्यादातर फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही हैं. चाहे बात 'द केरल स्टोरी 2' की हो या फिर 'अस्सी' और 'ओ रोमियो' की, बॉक्स ऑफिस पर तस्वीर कुछ खास अच्छी नहीं दिख रही. आइए जानते हैं, चार बड़ी फिल्मों का ताजा हाल क्या है?
द केरल स्टोरी 2: कलेक्शन में हल्की बढ़त, लेकिन रफ्तार अब भी धीमी
27 फरवरी को रिलीज़ हुई 'द केरल स्टोरी 2' से मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औसत प्रदर्शन कर रही है. मंगलवार को फिल्म ने 4 करोड़ रुपये की कमाई की, जो सोमवार के 2.50 करोड़ रुपये से बेहतर है.
---विज्ञापन---
रविवार को फिल्म ने 4.75 करोड़ रुपये बटोरे थे, जबकि ओपनिंग डे पर इसकी शुरुआत सिर्फ 75 लाख रुपये से हुई थी. अब तक पांच दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 16.65 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. हालांकि, ये आंकड़े फिल्म के बजट और पब्लिसिटी के मुकाबले कम माने जा रहे हैं.
---विज्ञापन---
अस्सी: तापसी पन्नू की फिल्म को नहीं मिल रहा दर्शकों का साथ
तापसी पन्नू की फिल्म 'अस्सी' को रिलीज़ हुए 12 दिन हो चुके हैं, लेकिन कमाई अब भी सुस्त बनी हुई है. मंगलवार को फिल्म ने सिर्फ 36 लाख रुपये कमाए, जबकि सोमवार को इसका कलेक्शन 23 लाख रुपये था. अब तक फिल्म 9.09 करोड़ रुपये का ही बिजनेस कर पाई है. सोशल सब्जेक्ट पर बनी इस फिल्म का डायरेक्शन अनुभव सिन्हा ने किया है, लेकिन मजबूत कंटेंट के बावजूद दर्शक सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच पा रहे.
ओ रोमियो: लाखों में सिमटी कमाई
शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर 'ओ रोमियो' की कमाई अब लाखों में सिमट गई है. मंगलवार को फिल्म ने 90 लाख रुपये का कलेक्शन किया, जबकि सोमवार को ये आंकड़ा 65 लाख रुपये था. हालांकि, गिरती रफ्तार के बावजूद फिल्म अब तक 66.70 करोड़ रुपये कमा चुकी है.
स्क्रीम 7: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कमजोर पकड़
अमेरिकी हॉरर फ्रेंचाइज़ी की नई फिल्म 'स्क्रीम 7' भी भारत में दर्शकों को अट्रैक्ट करने में नाकाम रही है. मंगलवार को फिल्म ने सिर्फ 12 लाख रुपये कमाए, जबकि सोमवार को 16 लाख रुपये का कलेक्शन हुआ था. पांच दिनों में भारत में इसका कुल बिजनेस 1.53 करोड़ रुपये ही हो पाया है.
कुल मिलाकर, इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ी फिल्म धमाका करती नजर नहीं आ रही है. अब देखना दिलचस्प होगा, कि आने वाले वीकेंड पर ये फिल्में अपनी किस्मत बदल पाती हैं या नहीं.