The Kerala Story 2: बॉलीवुड फिल्म ' द केरल स्टोरी 2' के विवाद में एक नया मोड़ आया है. दरअसल, विवादों में घिरी फिल्म'द केरल स्टोरी 2' इस शुक्रवार यानी 27 फरवरी को रिलीज होने वाली है, लेकिन ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अब इस फिल्म की रिलीज टल सकती है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, फिल्म की रिलीज से पहले गुरुवार दोपहर को केरल हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक लगा दी है. चलिए आपको पूरा मामला समझाते हैं.

हाई कोर्ट में हुई सुनवाई

केरल हाई कोर्ट में 'द केरल स्टोरी 2' की रिलीज के खिलाफ याचिका दायर की गई थी, जिसमें फिल्म पर सांप्रदायिक विभाजन पैदा करने और राज्य को नकारात्मक रूप से दिखाने का आरोप लगाया गया है. इसी याचिका पर केरल हाई कोर्ट में सुनवाई की जा रही थी. बुधवार को न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस ने टिप्पणी करते हुए फिल्म निर्माता से कहा, 'आप नहीं चाहते कि अदालत फिल्म देखे. आप चाहते हैं कि इस मामले का फैसला इस आधार पर हो कि यह याचिका निजी मुकदमा है या सार्वजनिक मुकदमा है.'

---विज्ञापन---

कोर्ट के फैसले पर मेकर्स का रिएक्शन

हालांकि, अभी तक कोर्ट के इस फैसले को लेकर फिल्म मेकर्स ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. फिल्म को लेकर हो विवाद पर मेकर्स ने दावा किया कि यह फिल्म पूरी तरह से सच्ची घटनाओं पर आधारित है. मालूम हो कि फिल्म 'केरल स्टोरी 2' के ट्रेलर में केरल, राजस्थान और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जबरन धार्मिक धर्मांतरण के बारे में दिखाया गया है. ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म विवादों में घिरी हुई है.

---विज्ञापन---

केरल सीएम ने की आलोचना

बता दें कि केरल के मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने फिल्म के ट्रेलर की कड़े शब्दों में निंदा की थी, साथ ही मूवी को धर्मनिरपेक्षता के लिए खतरा बताया था. सीएम पिनारयी विजयन ने ये भी कहा कि इस फिल्म में केरल राज्य को नकारात्मक रूप से दिखाया गया है. वहीं, इन आरोपों पर फिल्म मेकर्स का कहना है कि ये फिल्म राज्य के खिलाफ नहीं है. मूवी के प्रॉड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने पहले कहा, 'हम केरल के पीछे नहीं पड़े हैं. केरल भगवान की भूमि है… हम चाहते हैं कि उस राज्य से यह बुराई जल्द से जल्द जड़ से खत्म हो जाए.'