आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर द रिवेंज इन दिनों सिनेमाघरों में छाई हुई है. इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर भी इस मूवी का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. लोग लगातार सोशल मीडिया पर फिल्म के वीडियो, शॉर्ट क्लिप्स शेयर कर रहे हैं. फिल्म सिर्फ 4 दिनों में 700 करोड़ के कलेक्शन के पास पहुंच गई है. इन सभी के बीच रणवीर सिंह का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह खतरनाक लुक में दिखाई दे रहे हैं.
रणवीर सिंह का खतरनाक लुक वायरल
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला यह वीडियो फेमस मेकअप आर्टिस्ट प्रीतिशील सिंह ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. उन्होंने यह बिहाइंड द सीन वीडियो शेयर किया है. जिसमें रणवीर सिंह फिल्म के एक सीन के लिए तैयार होते हुए दिख रहे हैं. जो कि धुरंधर के डरावने भूत वाले सीन के लिए है. रणवीर के चेहरे पर काफी ज्यादा मेकअप किया जा रहा है. इस दौरान सिर्फ एक मेकअप आर्टिस्ट नहीं बल्कि चार आर्टिस्ट रणवीर को एक परफेक्ट लुक देने में लगे हुए हैं. सभी एक्टर के चेहरे पर बारीकी से काम कर रहे हैं. वहीं एक्टर शांति से चेयर पर बैठे हुए हैं.
---विज्ञापन---
वीडियो देख लोग हुए हैरान
इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, " जब आपका मन थक जाता है, तो भ्रम अपने झूठ को ऐसे रंगों में रंग देता है जिन पर आप भरोसा करने के लिए बेबस हो जाते हैं. रणवीर सिंह को परछाइयों से जन्मे भूत में बदल रहे हैं. धुरंधर द रिवेंज." रणवीर के इस लुक को देख फैंस भी खासा हैरान रह गए हैं. कुछ लोग इसे एआई जनरेटेड मान रहे थे. वायरल वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "ये सीजीआई नहीं थी? दूसरे ने लिखा, " ये सीन मुझे बैटमैन बिगिन्स वाले सीन की याद दिलाता है. एक अन्य यूजर ने लिखा, " तो ये वीएफएक्स नहीं है?. एक और ने कमेंट किया- यह बहुत ही डरावना है. एक अन्य यूजर ने लिखा, “क्या घातक मेकओवर है.”
---विज्ञापन---
बता दें कि रणवीर सिंह का यह भूत वाला लुक धुरंधर में एक जरूरी सीन के लिए किया गया था. जिसमें रणवीर का बचपन का दोस्त, नशे की हालत में, उसे एक काले भूत के रूप में दिखाई देता है. इस सीन में रणवीर सिंह के लुक को देखकर ज्यादातर लोग दंग रह गए थे. साथ ही लोगों ने रणवीर की जमकर तारीफ भी की.
फिल्म ने चार दिन में कर लिया इतना कलेक्शन
फिल्म को लेकर बात करें तो इसमें रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, संजय दत्त जैसे एक्टर्स नजर आए हैं. फिल्म पांच भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. यह मूवी हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. वहीं, कलेक्शन को लेकर बात करें तो फिल्म ने 145 करोड़ का ओपनिंग डे पर कलेक्शन किया और मूवी ने महज 4 दिनों में दुनिया भर में 691.32 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है.