ऑस्कर को लेकर इस बार भारत की उम्मीदें पहले से काफी ज्यादा हैं. क्योंकि डायरेक्टर नीरज घेवान के निर्देशन में बनी फिल्म होमबाउंड एकेडमी अवॉर्ड्स की रेस में काफी आगे पहुंच गई है. होमबाउंड इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में वोटिंग के अगले राउंड में पहुंच गई है. हालांकि अभी भी फाइनल नॉमिनेशन का इंतजार है. इसने टॉप 15 फिल्मों में अपनी जगह बना ली है.

टॉप 15 में भारतीय फिल्म होमबाउंड ने बनाई जगह

दरअसल, सोमवार को एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने उन 15 फिल्मों की लिस्ट जारी की है, जिन्हें इंटरनेशनल फिल्म कैटेगरी में वोटिंग के बाद अगले राउंड में जगह मिली है. इस लिस्ट में भारतीय फिल्म होमबाउंड ने भी अपनी जगह बना ली है. एकेडमी ने ऐलान किया कि दुनियाभर की तमाम फिल्मों में से 15 इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में पहुंच गई हैं. इसमें से भारत की होमबाउंड के अलावा अर्जेंटीना की फिल्म बेलन, ब्राजील की द सीक्रेट एजेंट, फ्रांस की फिल्म इट वाज जस्ट एन एक्सीडेंट, इराक की द प्रेसिडेंट्स केक, जापान की कोकुहो, जर्मनी की साउंड ऑफ फॉलिंग,जॉर्डन की ऑल दैट्स लेफ्ट ऑफ यू , नॉर्वे की सेंटीमेंटल वैल्यू, साउथ कोरिया की नो अदर चॉइस, फिलिस्तीन की फिल्म फिलिस्तीन 36, स्पेन की सिरात, स्विट्जरलैंड की लेट शिफ्ट, ताइवान की मूवी लेफ्ट-हैंडेड गर्ल और ट्यूनीशिया की द वॉयस ऑफ हिंद रजब, फिल्में लिस्ट में शामिल की गई हैं.

---विज्ञापन---

22 जनवरी को होगी फाइनल लिस्ट की घोषणा

इन 15 फिल्मों में से अब फाइनल नॉमिनेशन के लिए पांच मूवीज को चुना जाएगा. इन 5 फिल्मों में से एक को इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में ऑस्कर से सम्मानित किया जाएगा. बता दें कि 22 जनवरी को ऑस्कर नॉमिनेशन लिस्ट की घोषणा की जाएगी और 15 मार्च 2026 को लॉस एंजिल्स में ऑस्कर अवॉर्ड्स दिए जाएंगे.

---विज्ञापन---

होमबाउंड को सिनेमाघरों में मिला था खराब रिस्पॉन्स

वहीं, होमबाउंड को लेकर बात करें तो यह फिल्म 26 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. हालांकि फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला था. इस मूवी ने अपने ओपनिंग डे पर सिर्फ 30 लाख का कलेक्शन किया था. फिल्म ने कुल लाइफटाइम कलेक्शन 4.85 करोड़ किया था. यह मूवी करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस तले बनी है. फिल्म साल 2020 के बशारत पीर के न्यूयॉर्क टाइम्स में छपे एक आर्टिकल पर आधारित है. इस मूवी में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जाह्नवी कपूर नजर आई थी.

कुछ ऐसी है होमबाउंड की कहानी

फिल्म की कहानी को लेकर बात करें तो यह दो दोस्तों के बारे में है, जो कि अपनी स्थिति से ऊपर उठने की कोशिश करते हैं. इसमें एक दोस्त मुस्लिम होता है, जिसका नाम शोएब है और दूसरा दोस्त हिंदू दलित होता है, जिसका नाम चंदन है. दोनों ही पढ़ाई के लिए खूब मेहनत करते हैं और पुलिस की नौकरी पाना चाहते हैं. हालांकि इस बीच जब कोविड आ जाता है तो महामारी के कारण चीजें बदल जाती है और पुलिस भर्ती परीक्षा के परिणाम भी रुक जाते हैं. फिल्म में कई हैरान करने वाली चीजें दिखाई जाती हैं और कई इमोशन से भरी इस मूवी का क्लाइमैक्स आपको रुला देगा.

यह भी पढ़ें- Anupamaa में फिर होगी अनुज की एंट्री, खुद गौरव खन्ना ने दिया हिंट