IFFD 2026: दिल्ली के भारत मंडपम में 25 मार्च से 'इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली' (IFFD) का शानदार आगाज हो चुका है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस सात दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन किया, जो 31 मार्च तक चलेगा. इस खास मौके पर बॉलीवुड, साउथ और हॉलीवुड की बड़ी हस्तियों ने शिरकत की है. विक्की कौशल, हेमा मालिनी, कंगना रनौत और शर्मिला टैगोर जैसे सितारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए हैं. दिल्ली सरकार द्वारा पहली बार आयोजित यह महोत्सव कला, संस्कृति और बेहतरीन सिनेमा का एक अनोखा संगम बनकर उभरा है.

मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

25 मार्च को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीप जलाकर इस महोत्सव की शुरुआत की. उन्होंने अपने संबोधन में बहुत गहरी बात कही- "जब शब्द खत्म हो जाते हैं, तब फिल्में बोलती हैं." उन्होंने बताया कि फिल्में हमें समाज की हकीकत दिखाने के साथ-साथ मुश्किलों से लड़ना भी सिखाती हैं. दिल्ली के कला और संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने भी इस आयोजन को मुख्यमंत्री का एक साल पुराना सपना बताया जो अब सच हो गया है.

---विज्ञापन---

दिग्गजों का सम्मान और 'सीरत' से शुरुआत

महोत्सव की पहली फिल्म ऑस्कर के लिए नामांकित 'सीरत' रही, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया. इसी मंच पर भारतीय सिनेमा के स्तंभ शर्मिला टैगोर, धर्मेंद्र सिंह देओल और साउथ के दिग्गज अभिनेता बालाकृष्णा नन्दमूरि को 'लाइफ टाइम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल' अवॉर्ड से नवाजा गया. दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं हैं. जहां उनका अवॉर्ड उनकी पत्नी और एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने लिया. इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा और मनजिंदर सिंह सिरसा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

---विज्ञापन---

सितारों का जमावड़ा और खास वर्कशॉप

महोत्सव के दूसरे और तीसरे दिन (26 और 27 मार्च) आमिर खान, ऐश्वर्या राजेश, मनोज बाजपेयी और बोमन ईरानी जैसे सितारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई. मनोज बाजपेयी ने 'CineXchange' सत्र में एक छोटे गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की. वहीं बोमन ईरानी ने अपनी फिल्म ‘द मेहता बॉयज’ की स्क्रीनिंग के दौरान पटकथा लेखन (Scriptwriting) की बारीकियों पर युवाओं को प्रेरित किया.

31 मार्च तक चलेगा जश्न

यह महोत्सव 31 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 125 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी. इस आयोजन का मकसद दिल्ली को विश्व पटल पर सिनेमा और पर्यटन के केंद्र के रूप में स्थापित करना है. आने वाले दिनों में और भी कई बड़े सितारों और फिल्मकारों के यहां पहुंचने की उम्मीद है.