डेविड धवन बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने फिल्म मेकर हैं और इन दिनों वह अपनी आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर खबरों में बने हुए है. इस फिल्म में लीड रोल में खुद उनके बेटे वरुण धवन नजर आने वाले हैं. वहीं, फिल्म की रिलीज से पहले फिल्म मेकर ने अपने रिटायरमेंट की प्लानिंग कर ली थी, जिसको लेकर हाल ही में करण जौहर ने खुलासा किया है. उन्होंने डेविड धवन के रिटायरमेंट की पुष्टि की है और वह इस दौरान भावुक नजर आए हैं.
डेविड धवन लेंगे रिटायरमेंट
दरअसल, शनिवार को डेविड धवन ने इवेंट का आयोजन किया था. इस इवेंट में तमाम सेलेब्स शामिल हुए थे. सलमान खान से लेकर करण जौहर तक इसमें शामिल हुए थे. वहीं, इस इवेंट के बाद रविवार की देर सुबह करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी पोस्ट की, जिसमें उन्होंने डेविड के रिटायरमेंट को लेकर बात की.
डेविड धवन के रिटायरमेंट की खबर सुन भावुक हुए करण जौहर
उन्होंने इंस्टा स्टोरी पर लिखा, “कल जब मैं डेविड धवन के सेलिब्रेशन में गया और उन्होंने मुझे बताया कि यह उनकी आखिरी फिल्म होगी, मेरे मन में मिली जुली भावनाएं उमड़ आईं. एक ऐसे फिल्ममेकर जिन्होंने फिल्मों की पूरी शैली को जन्म दिया. डेविड धवन की फिल्म का मतलब मनोरंजन ही होता है. उन्हें यह कहते हुए कैसा लग रहा होगा जब वे एक ऐसे मुकाम पर हैं, जिनसे इतने सारे फिल्म मेकर ने इंस्पिरेशन ली है. हमारे फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें प्यार, सम्मान और तारीफें मिलती हैं. इसमें कोई शक नहीं. आपके डेविड धवन के साथ आपकी समर ब्लॉकबस्टर के लिए शुभकामनाएं. हमेशा नंबर 1 रहेंगे.

डेविड धवन ने इन फिल्मों का किया डायरेक्शन
बता दें कि डेविड धवन ने अपने करियर में ज्यादा तर कॉमेडी फिल्मों का डायरेक्शन किया है और वह इसमें सफल रहे हैं. 43 साल से भी लंबे करियर में उन्होंने राजा बाबू, कूली नंबर 1, मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी, हीरो नंबर 1, हसीना मान जाएगी, मुझसे शादी करोगी, मैंने प्यार क्यों किया और पार्टनर जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं. उन्होंने सलमान खान, गोविंदा, करिश्मा कपूर जैसे कलाकारों के साथ काम किया है.
इस दिन रिलीज होगी ‘है जवानी तो इश्क होना है’
वहीं, ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का डेविड धवन ने डायरेक्शन किया है. इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े, मौनी रॉय, राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म सिनेमाघरों में 5 जून को रिलीज होगी.