Femina Miss India 2022: हर साल की तहर इस साल भी भारत को अपनी मिस इंडिया मिल गई है। कर्नाटक की रहने वाली सिनी शेट्टी (Sini Shetty) ने रविवार को फेमिना मिस इंडिया 2022 (Femina Miss India 2022) का ताज अपने नाम किया। इस साल का फेमिना मिस इंडिया कार्यक्रम मुंबई के जियो कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया था। फेमिना मिस इंडिया 2021 मानसा वाराणसी (Manasa Varanasi) ने मिस इंडिया 2022 सिनी शेट्टी को ताज पहनाया।
सोशल मीडिया पर सिनी शेट्टी (Sini Shetty) की तस्वीरें और कुछ वीडियो सामने आई है, लेकिन ये पूरा कार्यक्रम देखने को लिए आपको रविवार का इंतजार करना है। जी हां 17 जुलाई को दोपहर 12 बजे और शाम 5 बजे ब्रॉडकास्ट पार्टनर कलर्स एचडी पर ये शो टेलीकास्ट होने जा रहा है।
सिनी शेट्टी के विनिंग गाउन (Winning Gown) की बात करें तो सभी की तरह सिनी भी सिल्वर गाउन में नजर आई थीं, हालांकि, सिनी के गाउन पर हाई थाई स्लिट था। सटल मेकअप और कॉन्फिडेंस के साथ सिनी की खूबसूरती देखते ही बन रही थी। राजस्थान की रहने वाली रूबल शेखावत (Ruble Shekhawat) फर्स्ट रनरअप रहीं। तो वहीं उत्तर प्रदेश की शिनाता चौहान (Shinata Chauhan) सेकंड रनरअप रही।
इस ग्रैंड फिनाले इवेंट में एक्ट्रेस नेहा धूपिया, कृति सेनन, एक्टर मनीष पॉल, राजकुमार रॉव, डिनो मोरिया, मिताली राज, मलाइका अरोड़ा समेत कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई। मिस इंडिया 2022 बनीं सिनी शेट्टी केवल 21 साल की हैं। वह मुंबई में पैदा हुई थीं, लेकिन कर्नाटक की रहने वाली है। अकाउंटिंग और फाइनेंस में बैचलर की डिग्री हासिल करने वालीं सिनी शेट्टी फिलहाल चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट का प्रोफेशनल कोर्स कर रही हैं।
सिनी शेट्टी को बचपन से ही डांस का बेहद शौक रहा है। उन्होंने केवल 4 साल की उम्र से ही भरतनाट्यम सीखना शुरू कर दिया था। इतना ही नहीं 14 साल तक की उम्र में वे इस नृत्य कला में माहिर हो गईं। इस जीत के साथ सिनी शेट्टी को सोशल मीडिया पर बधाईयां मिल रही हैं। वैसे आपको बता दें सिनी शेट्टी (Sini Shetty) से पहले भी कर्नाटक से कई ब्यूटी क्वीन भारत को मिली हैं जिनमें लारा दत्ता, साराह जेन डियाज, संध्या चिब, नफीसा जोसफ और रेखा हानडे प्रमुख रहीं।