बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की मां गरिमा मल्होत्रा का निधन हो गया है. इस खबर से ना सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई है. हर किसी के चेहरे पर मायूसी है, और सभी इस कठिन समय में मनीष का हौसला बढ़ाने के लिए उनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं.
सितारों का लगा तांता, घर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
मनीष मल्होत्रा के मुंबई स्थित घर पर बॉलीवुड सितारों का आना-जाना लगा हुआ है. मलाइका अरोड़ा, अर्जुन कपूर, करिश्मा कपूर, वरुण धवन, सोनाली बेंद्रे, उर्मिला मातोंडकर और फातिमा सना शेख जैसे कई सेलेब्स उनके घर पहुंचे और गरिमा मल्होत्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके अलावा करण जौहर, कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा भी इस दुख की घड़ी में मनीष का साथ खड़े नजर आए.
---विज्ञापन---
मां के साथ रहते थे मनीष
मनीष मल्होत्रा अपनी मां के बेहद करीब थे. वो मुंबई में अपने बंगले में मां के साथ ही रहते थे. मां के निधन की वजह अभी सामने नहीं आई है, लेकिन इस खबर ने हर किसी को भावुक कर दिया है. इंडस्ट्री में मनीष को सबसे पसंदीदा डिजाइनर्स में गिना जाता है, ऐसे में सभी उनके दुख को अपना दुख मान रहे हैं.
---विज्ञापन---
पहले पिता को खो चुके हैं मनीष
मनीष मल्होत्रा पहले ही साल 2019 में अपने पिता को खो चुके हैं, उस समय भी वो काफी टूटे नजर आए थे. अब मां के निधन ने उन्हें एक बार फिर गहरा सदमा दिया है.
मां को मानते थे अपनी ताकत
मनीष मल्होत्रा अकसर अपनी मां के बारे में प्यार से बात करते थे. उन्होंने मदर्स डे के मौके पर एक पोस्ट में लिखा था, कि उनकी मां उनकी ताकत, प्रेरणा और सबसे बड़ी सपोर्ट सिस्टम हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था, कि बचपन से ही उन्हें कपड़ों और सिनेमा का शौक था, और उनकी मां ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया. यहां तक कि उनके बचपन की शरारतों को भी मुस्कुराकर स्वीकार करतीं थीं.
मुश्किल दौर में साथ खड़ी दिख रही इंडस्ट्री
इस वक्त मनीष मल्होत्रा के लिए बेहद कठिन समय है, लेकिन पूरा बॉलीवुड उनके साथ खड़ा है. सभी सेलेब्स उन्हें सांत्वना दे रहे हैं, और उनकी मां की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं.